Jhanjharpur News: विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल की जांच टीम ने अररिया संग्राम थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के एक मामले का खुलासा किया है. विभाग ने आटा चक्की संचालित करने वाले एक उपभोक्ता पर 3 लाख 36 हजार 968 रुपये की बिजली चोरी का आकलन करते हुए विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है.
छापेमारी में मीटर से कथित छेड़छाड़ मिली
सहायक विद्युत अभियंता रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित जांच दल ने 21 जुलाई की शाम सिरखड़िया गांव, पंचायत नवानी, वार्ड संख्या-12 में छापेमारी की. जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि अलाउद्दीन, पिता इदरीस मियां के नाम से औद्योगिक बिजली कनेक्शन लिया गया है.
जांच में आरोप है कि स्मार्ट प्रीपेड थ्री-फेज मीटर के साथ छेड़छाड़ की गई थी. विभाग के अनुसार मीटर के आउटपुट तार को इनपुट टर्मिनल से जोड़कर सीधे बिजली का उपयोग किया जा रहा था, जिसके कारण मीटर में बिजली की खपत शून्य दर्ज हो रही थी.
वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपा गया
सहायक विद्युत अभियंता रविन्द्र कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी के विरुद्ध अररिया संग्राम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि जांच से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग वाला पेन ड्राइव भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है.
जांच दल में कनीय अभियंता परमानंद कुमार और मानवबल कर्मी देव कुमार यादव शामिल थे. अररिया संग्राम थानाध्यक्ष अर्पण कुमार ने बताया कि मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.
