झंझारपुर. रैयतों की जमावंदी में सुधार, बंटवारा को आसान बनाने एवं परिमार्जन सहित अन्य कार्य के लिए बीते 16 अगस्त से चलाए जा रहे रहे राजस्व महाअभियान की तिथि शनिवार को समाप्त हो गई. झंझारपुर एवं लखनौर अंचल सहित अन्य अंचल के हल्कों में इसके लिए शिविर का आयोजन किया गया. पहले घर घर जाकर कर्मियों ने रैयतों को उनकी जमावंदी दी. शनिवार को राजस्व महाअभियान के अंतिम दिन झंझारपुर अंचल प्रशासन ने अंचल कार्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. यह विशेष शिविर शुक्रवार को भी लगाई गई थी. इन दो दिवसीय विशेष कैंप में रैयतों की भारी भीड़ जुटी. कई के काम हुए तो कई निराश होकर वापस भी गए. शिविर में मौजूद सीओ प्रशांत कुमार झा ने बताया कि प्रखंड के कुल 18 हल्का में पहले दो दो बार तिथिवार शिविर लगाया गया था. इन शिविरों में कुल छह हजार आवेदन प्राप्त हुए थे. उन्होंने बताया कि इन दो दिवसीय विशेष शिविर में लगभग दो हजार रैयतों ने फार्म भरकर कागजात के साथ विभिन्न कार्यों के लिए आवेदन दिया है. यानि कुल आठ हजार रैयतों के आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी. कहा कि अब इसके अपलोडिंग का कार्य प्रारंभ होगा. चुनाव के बाद सुधार की प्रक्रिया विभागीय आदेश आने के बाद प्रारंभ की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिनका कार्य किसी कारणवश नहीं हो पाया है वह आन लाइन पूर्व की तरह अपना आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि जिस रैयत का जमाबंदी छुटा हुआ है वह अलग से फार्म भर सकते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
