मधुबनी: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अकौर गांव में सोमवार की देर शाम ननिहाल आये छह वर्षीय मासूम का बोरे में बंधा शव पास के एक गड्ढे से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के दुर्गापट्टी गांव निवासी अमर भंडारी के पुत्र सुशांत कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बच्चे की मामी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
खाना खाने के बाद अचानक लापता हुआ बच्चा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशांत कुमार अपने माता-पिता के साथ कृष्णाष्टमी के अवसर पर अपने ननिहाल अकौर गांव आया था. सोमवार की सुबह वह अपनी नानी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ था. खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गये.
कुछ देर बाद परिजनों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों की चिंता बढ़ गयी. इसके बाद परिजन और ग्रामीण आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करने लगे.
गड्ढे में बोरे से मिला शव
काफी खोजबीन के बाद शाम में बच्चे के बारे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आयी. पास के ही एक गड्ढे में बोरे में बंद बच्चे का शव मिला. शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
परिजनों ने आशंका जतायी कि बच्चे की मौत दम घुटने से हुई होगी. हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
मामी पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप
मृतक के परिजनों ने बच्चे की मामी पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हत्या करने के बाद शव को बोरे में बांधकर गड्ढे में छिपा दिया गया.
हालांकि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनुप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. वहीं, मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
