मधुबनी: बाबूबरही थाना क्षेत्र के छजना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. इस संबंध में बुधवार देर शाम मृतका की भाभी पूनम देवी समेत करीब आधा दर्जन लोग थाने पहुंचे और आवेदन देने की बात कही. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस को आवेदन मिलने का इंतजार था.
वर्ष 2020 में हुई थी शादी
मृतका की भाभी पूनम देवी के अनुसार, उनकी ननद सुशील देवी की शादी अप्रैल 2020 में हिंदू रीति-रिवाज से छजना गांव में हुई थी. मृतका की दो बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र चार वर्ष और दूसरी की एक वर्ष बतायी गयी है.
पूनम देवी ने बताया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर परिवार में अक्सर कलह होती रहती थी. आरोप लगाया कि सोमवार की रात पति समेत अन्य ससुराल वालों ने सुशील देवी की हत्या कर दी.
दूसरे व्यक्ति से मिली मायके वालों को सूचना
पूनम देवी ने बताया कि मंगलवार सुबह किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से उन्हें सुशील देवी की मौत की सूचना मिली. इसके बाद मृतका के पिता कैलू यादव और पूनम देवी उसके ससुराल पहुंचे.
मायके पक्ष का आरोप है कि वे शव को जलाने से रोकने पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद महिलाओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें वहां से भगा दिया.
चेहरे पर जख्म के निशान का वीडियो होने का दावा
पूनम देवी ने दावा किया है कि मृतका के चेहरे पर जख्म के निशान थे और इसका वीडियो भी उनके पास उपलब्ध है. मायके पक्ष ने इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है.
हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
आवेदन का इंतजार कर रही पुलिस
मामले को लेकर बाबूबरही थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
गल्फ देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, मधुबनी से गिरफ्तार जाकिर हुसैन
