झंझारपुर. अररिया संग्राम थाना स्थित प्रसिद्ध मिथिला हाट के पार्किंग के सुरक्षा गार्ड के साथ बदतमीजी व बंदूक छीनने का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है. सुरक्षा गार्ड अजय कुमार सिंह ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. बताया है कि उजले रंग की कार में कुछ लोग पार्किंग में काफी स्पीड व अश्लील भोजपुरी गाना बजाते हुए आए. उनके साथ बदतमीजी करने लगे. जब अश्लील भोजपुरी गाना को बंद करने व पार्किंग की टिकट कटाने को कहा, तो उन लोगों ने टिकट नहीं काटने की बात कही. इसके बाद बदतमीजी पर उतारू हो गए. जब पार्किंग मैनेजर आनंद झा आए, तो वह लोग कार को फुल स्पीड में भगा ले गए. इस दौरान दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें संग्राम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से गंभीर हालत में मधुबनी सदर अस्पताल रेफर किया गया. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज की गयी है. कार नंबर से मालिक की पहचान की जा रही है. जल्द उन अपराधी किस्म के लोगों पर कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
