हादसा. गुस्साये लोगों ने शव के साथ किया जाम
सकरी/मधुबनी : पंडौल बाजार के अशोक वस्त्रालय के सामने अज्ञात ट्रक ने शनिवार को एक पैदल राहगीर को कुचल दिया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. मृतक पछवारी टोला निवासी 38 वर्षीय रामइकबाल महतो उर्फ हेमन महतो बताया जा रहा है. घटना सुबह करीब साढ़े सात से आठ के बीच की है. जानकारी के अनुसार रामइकबाल महतो अपने घर से किसी काम से बाजार की ओर जा रहा था. इसी दौरान मधुबनी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक उसे बुरी तरह रौंदते हुए निकल गया. जिससे रामइकबाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. ठोकर मारने के बाद ट्रक को लेकर चालक भाग गया.
घटना से आक्रोशित लोगों ने पंडौल-मधुबनी मुख्य पथ को जाम कर दिया. करीब चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा. हालांकि घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ विभू विवेक, सीओ राजीव रंजन, सदर इंस्पेक्टर देवेन्द्र कुमार, पंडौल थानाध्यक्ष अनिल कुमार व सकरी थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता दल बल समेत मौके पर पहुंच लोगों से जाम हटाने की अपील करने लगे. पर लोग जिला पदाधिकारी को घटना स्थल पर बुलाये जाने की मांग कर रहे थे.
इधर, मैट्रिक के परिक्षार्थियों को अपने केंद्र तक जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर मैट्रिक परिक्षार्थियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई थी. पर छात्र किसी तरह गांव के गलियों व अन्य राह से केंद्र तक पहुंचे. घटना के बाद पंडौल बाजार की सभी दुकानें दोपहर 12 बजे तक बंद रहीं. स्थानीय स्तर पर प्रमुख पति हीरा लाल दास, वशी अहमद, गुड्डू सिंह सहित अन्य ने भी लोगों से वार्ता की. वहीं बीडीओ विभू विवेक द्वारा पारिवारिक लाभ योजना कबीर अंत्येष्टि योजना, सड़क दुर्घटना में मरने पर सरकार द्वारा दिये जाने वाले योजनाओं का लाभ मृतक के परिजनों को दिलाने के आश्वासन पर लोगों ने सड़क जाम हटाया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है.
तेज रफ्तार ले रही जान . पंडौल प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से बाजार व आस पास के लोग स्तब्ध हैं. मार्च माह में यह दूसरी घटना थी. एक मार्च को पंडौल के सती स्थान के समीप मैट्रिक की परीक्षा दिलाने ले जा रहे अरेड़ निवासी की मौत ट्रक द्वारा कुचले जाने से ही हो गई थी. इस घटना को अभी लोग ठीक से भूल भी नहीं पाये थे. इसी बीच शनिवार की अहले सुबह पंडौल बाजार में दर्दनाक सड़क हादसे में पछवारी टोला के पान दुकानदार रामएकबाल उर्फ हेमन महतो की मौत से उसके परिजन व बाजारवासी सदमे में हैं. इसका कारण भीड़ वाले इलाकों में भी वाहनों के तेज रफ्तार का होना बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस ट्रक से सुबह घटना हुई. वह काफी तेज गति से आ रही थी. राम इकबाल को कुचलते हुए वह भाग निकली.
इधर लोगों ने बाजार में वाहनों के गति को कम करने को लेकर प्रशासन द्वारा कठोर कदम उठाये जाने की मांग की है.
घंटों बाधित रहा आवागमन
