घोघरडीहा : मुख्यालय स्थित टावर चौक के निकट दिनदहाड़े हथियारों से लैस तीन दर्जन लोगों ने दुकान में लूटपाट की. लोगों ने कई दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया व करीब आधा दर्जन दुकान में करीब बीस हजार नकदी सहित हजारों का सामान लूट लिया.
घटना में बसुआरी पंचायत के मुखियापति सुरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भरती कराया. इस संबंध में घोघरडीहा बाजार के रामविलास सदा के बयान पर थाने में हथियार के दम पर लूटपाट किये जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमें कहा गया है कि दोपहर बाजार में हथियारों से लैस तीन दर्जन अपराधी पहुंचे और लूटपाट करने लगे. इसमें बसुआरी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव,नथुनी यादव,बबलू यादव,राजेंद्र यादव, श्रवण यादव, संतोष यादव सहित अन्य लोग शामिल थे. लूटपाट का जब लोगों ने विरोध किया, तो अपराधी ने मारपीट भी की. बाद में बाजार से अन्य लोगों को आते देख अपराधी भाग निकले.
बताया जा रहा है कि इस बीच अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की. इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और बाजार वासियों के सहयोग से सुरेंद्र यादव और नथुनी यादव को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ आये अन्य लोग लूटे हुए सामान एवं नकदी लेकर भाग गये. अपराधियों ने अरुण कुमार झा की दुकान से अनाज एवं पंद्रह हजार नकद, छुतहरू कामत की दुकान से सामान सहित पच्चीस सौ रुपये, शिव कुमार कामत की दुकान से सामान एवं पांच सौ रुपये, मुन्ना झा की दुकान से नकद नौ हजार रुपये, प्रभु कुमार झा एवं मनीष कुमार झा की दुकान से समान लूट ली. जानकारी के अनुसार इससे पूर्व अपराधियों ने घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर भी तोड़फोड़ की. स्टेशन अधीक्षक नौखेलाल महतो ने बताया कि दिन के लगभग एक बजे ही अज्ञात भीड़ के द्वारा पीआरएस काउंटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसकी सूचना रेलवे के वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है. इधर, अस्पताल में घायल सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया है कि शुक्रवार की सुबह घोघरडीहा स्टेशन पर बसुआरी गांव के एक युवक टिकट कटाने आया था, जिससे स्टेशन पर एक बिचौलिये ने दो सौ रुपये की मांग की थी.
दो सौ रुपये नहीं दिये जाने पर कथित बिचौलिये ने युवक के साथ मारपीट की. इस बात की जानकारी युवक ने बसुआरी जाकर लोगों को दी. बाद में बसुआरी के कुछ युवक बाजार पहुंचे और कथित बिचौलिया के साथ मारपीट करने लगा. इसी बीच मौके पर पहुंचे मुखिया पति बीच बचाव करने पहुंचे, तो लोगों ने उनके साथ मारपीट की. इस बाबत थाना प्रभारी सरोज कुमार ने बताया है कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.
