नये साल के आगमन की हो रही तैयारी
मधुबनी : चल रहा साल 2015 अब अंतिम घड़ी में है. एक दिन बाद लोग नये साल के उमंग में डूबे हाेंगे. हर ओर शुभकामना देने, खाने खिलाने का दौर भी चलता रहेगा.
ऐसे अवसर में लोग पिकनिक मनाने में भी खूब उत्साहित होते हैं. इसके साथ ही अधिकांश परिवार नये साल में भगवान की पूजा आराधना भी करने विभिन्न धर्म स्थलों पर जाते हैं. मिथिलांचल धर्म कर्म को व्यापक तौर पर मनाते रहे हैं. हर ओर नये साल की खुमारी चढ गयी है. मंदिरों में भी विशेष तैयारी की जा रही है.
सज रहा धार्मिक स्थल
नये साल के आगमन पर होने वाले पूजा अर्चना को लेकर मंदिर भी विशेष तौर पर सज रहा है. मंदिर प्रबंधन भी लोगों के सुविधा के लिये हर स्तर पर पहल कर रही है.
पिकनिक स्पॉट पर तैयारी तेज
नये साल में लोगों के द्वारा अब व्यापक तौर पर पिकनिक भी मनाया जाता है. इसमें जिले के कई ऐसे स्थान हैं जहां पर लोग जाकर नये साल में पिकनिक मनाते हैं. इसमें राजनगर का राज पैलेस, बाबूबरही का बलिराजगढ़, जयनगर का कमला पुल, सुक्की साईफन खजौली शामिल है.
सुरक्षा के इंतजाम
नये साल में राज पैलेस में पिकनिक शांति पूर्वक संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से पहल की गयी है. इसके तहत विगत दिनों सदर डीएसपी ने स्पॉट का निरीक्षण किया. डीएसपी कुमार इंद्र प्रकाश ने बताया है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 20 जवान वरदी में रहेंगे तो कई जवान सादे लिवास में भी मौजूद रहेंगे.
