फुलपरास/घोघरडीहा : फुलपरास के पुरबारी टोले में आयोजित शादी समारोह में खाना खाने से 250 लोग बीमार हो गये. इनमें 200 ग्रामीण व 49 बराती शामिल हैं. एक रसोइया भी बीमार है. खाने के बाद लोगों को उलटी के साथ पेट दर्द शुरू हुआ और वे बेहोश होने लगे.
पहले यहां कुछ बच्चों की हालत बिगड़ी. बाद में टोले के 25 परिवारों के 200 लोग इससे आक्रांत हो गये. इनमें महिला, बच्चे, बूढ़ों के साथ नौजवान लोग भी शामिल हैं. सभी को ग्रामीणों की मदद से रेफरल अस्पताल, फुलपरास व बरातियों को शत्रुपट्टी उपकेंद्र में भरती कराया गया है. सभी की हालत खतरे से बाहर है.
सीएस डॉ ओमप्रकाश प्रसाद ने बताया कि विषाक्त भोजन करने से सभी बीमार हुए हैं. गुरुवार की रात फुलपरास पुरबारी टोले में राम सनेही यादव की बेटी की शादी थी. शादी में घोघरडीहा थाने के शत्रुपट्टी गांव से 50 बराती आये थे. प्रीतिभोज में रात 1.30 बजे 200 ग्रामीणों ने भोजन किया था. भोजन करने के तीन घंटे के बाद कुछ बच्चों को उलटी व पेट दर्द की शिकायत हुई. इसके बाद बच्चे बेहोश होने लगे. परिजनों ने आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. बताते हैं कि थोड़ी देर बाद गांव के अन्य लोगों में भी यह शिकायत मिलने लगी. देखते-ही-देखते ऐसे लोगों की संख्या अस्पताल में 200 तक पहुंच गयी.
सूचना मिलते के बाद एसडीओ विजय कुमार रेफरल अस्पताल पहुंचे. सिविल सजर्न ओमप्रकाश प्रसाद ने अस्पताल पहुंच कर मेडिकल टीम बनायी.
सीएस ने बताया कि लोगों को स्लाइन के साथ अन्य दवाएं दी गयी. बीमार सभी की हालत सामान्य हो गयी है. सभी खतरे से बाहर हैं. कई लोगों का इलाज करने के बाद घर भेज दिया गया है. अन्य भी 24 घंटे में ठीक हो जायेंगे.
