निर्मली (सुपौल) : सीमावर्ती कुनौली बाजार के व्यापार संघ के अध्यक्ष राधे श्याम ने बिजली सेवा बहाल किये जाने की मांग को लेकर बुधवार को पूर्णत: बाजार बंद का एलान किया है. इस संबंध में श्री गुप्ता ने एक ज्ञापन भी विभाग के अधिकारी को सौंपा है. ज्ञात हो कि भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित कुनौली के ग्रामीणों ने विगत वर्ष बिजली को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया था.
इसके मद्देनजर निर्मली एसडीओ समेत उच्चाधिकारियों ने 90 दिनों के अंदर बिजली की सुविधा बहाल किये जाने का आश्वासन दिया था. आश्वासन के आलोक में विभाग के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सेवा बहाल भी हुई.
किंतु अब तक कुनौली बाजार के लोग बिजली की सुविधा से वंचित हैं. इसके साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित एसएसबी कैंप व एसएसबी कस्टम मुख्यालय भी बिजली विहीन है. अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बाजार बंद को लेकर कुनौली में पुलिस बलों को तैनात किया गया है.
