लोक संवेदना अभियान का असर नहीं
बेनीपट्टी : अनुमंडलाधिकारी सरकारी कार्यालयों में बिहार सरकार की ओर से चलाये जा रहे लोक संवेदना कार्यक्रम का कहीं कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है. सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को बैठने की सुविधा, पीने के पानी की सुविधा, शौचालय की सुविधा सहित आम लोगों से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत सरकारी कर्मियों को दी गयी है.
इससे कि शासन प्रशासन आमजनों के प्रति संवेदनशील दिखाई दे, लेकिन अनुमंडल के चारों प्रखंड कार्यालय, डीएसपी कार्यालय और विभिन्न थाना में भी लोक संवेदना कार्यक्रम को लागू करने के प्रति उदासीनता दिखाई पड़ रही है.
बेनीपट्टी प्रखंड सह अंचल कार्यालय, मधवापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय, बिस्फी प्रखंड सह अंचल कार्यालय, हरलाखी प्रखंड सह अचंल कार्यालय, अनुमंडल के चारों सीडीपीओ कार्यालय, पीओ कार्यालय, एमओ कार्यालय, बीएओ कार्यालय, अनुमंडल विद्युत कार्यालय, पीएचइडी कार्यालय, अनुमंडल कृषि कार्यालय, आरइओ कार्यालय, बीइओ कार्यालय सभी बैंक कार्यालय, अवर निबंधक कार्यालय और थाना कार्यालयों में कही भी आम आदमी के लिए शौचालय की व्यवस्था न होना ही लोक संवेदना कार्यक्रम की असलियत को उजागर करने के लिए काफी है.
बैठने तक की व्यवस्था नहीं
कुछ वरीय पदाधिकारियों के कार्यालयों को छोड़कर आम लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था भी उपरोक्त कार्यालयों में नदारद है. जहां तक शासन और प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आम लोगों के साथ व्यवहार की बात है तो कुछ वरीय पदाधिकारी लोगों से व्यवहार के प्रति अवश्य ही संवेदनशील है. पर कनीय पदाधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आमलोगों के प्रति व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है.
आम लोगों के छोटे-मोटे कार्यो के एवज में सेवा शुल्क मांगने की उनकी आदत भी नहीं छूटी है. जबकि लोक संवेदना कार्यक्रम को धरातल पर उतारने के लिए प्रमंडल से लेकर अनुमंडल स्तर तक पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करके लोगों के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य सरकार ने किया है.
क्या कहते हैं अधिकारी
एसडीओ राजेश मीणा बताते हैं कि लोक संवेदना कार्यक्रम को समूचे अनुमंडल में लागू करना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है.
हमारा प्रयास है कि विभिन्न कार्यालयों में आने वाले लोगों को उक्त कार्यक्रम के तहत समुचित सुविधा मिले और उनके साथ अच्छा व्यवहार हो. उन्होंने अनुमंडल कार्यालय में लोक संवेदना कार्यक्रम को पूरी तरह लागू होने की बात बतायी.
