झंझारपुर : नगर पंचायत के कन्हौली अवस्थित कन्हैया लाल मध्य विद्यालय में मंगलवार को छात्रवृत्ति को लेकर काफी हंगामा ग्रामीण एवं छात्रों ने किया. साथ ही ग्रामीणों ने स्कूल के ग्रिल को बाहर से तालाबंदी कर दी. प्रभारी की सूचना पर थाना के पदाधिकारी ददन सिंह एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार पांडेय वहां पहुंचने और मामला शांत कराया.
क्या है मामला
नगर पंचायत के कन्हैया लाल मध्य विद्यालय में कुल नामांकित 931 छात्र हैं. ग्रामीण एवं छात्र का आरोप था कि राशि के बावजूद छात्रों के बीच छात्रवृत्ति की राशि का वितरण नहीं किया जा रहा है. राशि की बंदरबांट की योजना से सशंकित छात्र एवं अभिभावक ने इस तरह का कदम उठाया.
हालांकि प्रभारी शिक्षक बजरंग लाल चौधरी ने बताया कि अनुसूचित जाति, सामान्य जाति के छात्र, अत्यंत पिछड़ी जाति के छात्रों की राशि विभाग ने उपलब्ध हुई. पिछड़ी जाति के छात्र के लिए कुछ राशि आयी है. पूर्ण राशि नहीं आने के कारण इन छात्रों के बीच राशि का वितरण नहीं किया गया. इसको लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं बीआरपी से निर्देश मांगा गया था, लेकिन अभी तक निर्देश नहीं मिल सका है. इस दौरान ग्रामीणों ने मध्याह्न् भोजन भी मेनू के मुताबिक नहीं दिये जाने की शिकायत भी की.
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि छात्रों के लिए राशि स्कूल को उपलब्ध नहीं हो सका है. जिला को इसके लिए प्रतिवेदित किया जायेगा. तत्काल ग्रामीण के साथ बैठक कर मामले को शांत करवाया गया है. मध्याह्न् भोजन योजना में गड़बड़ी की शिकायत को ले जिला को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदित किया जायेगा.
