विरोध. डीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त, पर अनशन जारी
मधुबनी : राम चौक से कनटाही, वर्दीवन, ककना होते हुए सरहद शाहपुर तक जाने वाली पीडब्लूडी के मुख्य सड़क पर बरसात के पानी के जल जमाव से आवागमन अवरुद्ध रहने के कारण आम लोगों को इन गांवों में जाने से हो रही समस्या को लेकर स्थानीय नागरिक आक्रोशित है. शनिवार को समाज सेवी मो. अमालुद्दीन एवं पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संजीत भंडारी सड़क निर्माण को लेकर व जल जमाव की समस्या के निदान को लेकर राम चौक पर अनशन पर बैठ गए.
अनशन पर बैठे मो. अमालुद्दीन एवं रंजीत भंडारी ने बताया कि पिछले एक माह से राम चौक से वर्दीवन, ककना, शाहपुर जाने वाली सड़क पर कमर भर पानी लगा हुआ है. इन गांव में रहने वाले लोगों को गांव जाने में काफी समस्या होती है. खासकर बीमार व गर्भवती महिलाओं को इन सड़क से जाने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है.
कई बार इस सड़क को उंचा करने एवं सड़क के किनारे नाला निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन के अधिकारियों को आवेदन दिया गया है. पर अब तक सड़क निर्माण व जल जमाव को
दूर करने का कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया है.
ग्रामीणों ने विरोध में की सड़क जाम
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इसी सड़क के निर्माण व जल जमाव को हटाने के लिए अनशन प्रारंभ होने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़क जाम किया. सड़क जाम कर रहे लोगों ने बताया कि जब तक समस्या का स्थाई निदान नहीं होगा, सड़क को अवरुद्ध कर आवागमन को स्थगित किया जायेगा. सड़क जाम की सूचना पर पंडौल के प्रखंड विकास पदाधिकारी विभू विवेक, नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय जाम स्थल पर पहुंचे. स्थानीय नागरिकों में काफी आक्रोश था.
पदाधिकारियों ने अनशनकारियों को जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक से मोबाइल पर वार्ता कराया गया. डीएम ने अनशनकारियों को जाम समाप्ति का अनुरोध करते हुए आश्वासन दिया कि जल निकासी की समस्या का समाधान कर शीघ्र ही उक्त सड़क का निर्माण कराया जायेगा. डीएम आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ पर अनशनकारी अनशन पर बैठे हुए है. सड़क जाम करने वालों में वीरेंद्र यादव, संजीव कुमार, नरेश झा, सुदिष्ट कुमार, राकेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे.
