ठहर सी गयी एसआइटी जांच

नैंसी हत्याकांड. 48 दिनों बाद भी मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं अब तक पंकज व राघवेंद्र की गिरफ्तारी तक ही हुई कार्रवाई पंकज, राघवेंद्र को दो बार रिमांड पर लिये जाने के बाद भी तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी नहीं अब तक लालू व पवन भी सलाखों के पीछे, परिजन मिले कई आला अधिकारियों से, […]

नैंसी हत्याकांड. 48 दिनों बाद भी मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं

अब तक पंकज व राघवेंद्र की गिरफ्तारी तक ही हुई कार्रवाई
पंकज, राघवेंद्र को दो बार रिमांड पर लिये जाने के बाद भी तीसरे
आरोपित की गिरफ्तारी नहीं
अब तक लालू व पवन भी सलाखों के पीछे, परिजन मिले कई आला अधिकारियों से, लगायी न्याय की गुहार
मधुबनी : नैंसी हत्याकांड में एसआइटी की जांच मानो ठहर सी गयी है. न तो हत्या का असली कारण ही पुलिस को पता चल सकी है और न ही इस हत्याकांड के आरोपितों की ही गिरफ्तारी हो सकी है. पुलिस शक के आधार पर या जांच के दौरान मिले सबूत के आधार पर अब तक नैंसी हत्याकांड के कथित मास्टर माइंड राघवेंद्र व पंकज को गिरफ्तार कर चुकी है. दो-दो बार पंकज व राघवेंद्र को रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गयी. लेकिन अब तक नतीजा वहीं का वहीं है.
ना तो अन्य किसी की भी गिरफ्तारी हो सकी और ना ही इस कांड का उद्भेदन ही हो सका.
बीते 48 दिनों से इस चर्चित हत्याकांड की जांच चल रही है. पर, अब तक यह जांच किसी ठोस नतीजे पर जांच नहीं पहुंच सकी है. कई बातें अब भी रहस्य ही बन कर रह गयी हैं. कई बातें इस हत्याकांड में ऐसे हैं, जिसमें पुलिस भले ही अपने आप को मजबूत स्थिति में मान रही हो पर अब भी स्पष्ट तौर पर ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है. बीते 48 दिनों में मासूम नैंसी हत्याकांड को लेकर एक के बाद एक पेच बनते जा रहे हैं. सवाल अब भी वहीं का वहीं है कि आखिर नैंसी की हत्या किसने की और इसमें कितने लोग शामिल थे.
पूजा से भी हो चुकी है पूछताछ : एसपी दीपक बरनवाल ने एक बार फिर दावा किया है कि नैंसी हत्याकांड में पुलिस पूरी तरह सही दिशा में जांच कर रही है. इस 48 दिन में एक ओर जहां नैसी के दो चाचा की गिरफ्तारी की गयी है, वहीं एसआइटी की टीम ने नैंसी की बुआ पूजा से भी दो- दो बार पूछताछ की है.
एसपी श्री बरनवाल ने बताया है कि बहुत कुछ पुलिस के हाथ लगा है. नैंसी हत्याकांड में नैंसी के कई करीबी संबंधी का गिरफ्तार होना तय माना जा रहा है. पर पुलिस पूरी तरह ठोस सबूत हाथ आने के बाद ही इन लोगों को गिरफ्तार करेंगी. किसी को इस पर कोई एतराज या आपत्ति नहीं हो.
आला अधिकारियों से मिले परिजन : सूत्रों के अनुसार, नैंसी हत्याकांड में नैंसी के परिजन को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार किये जाने और जांच का दायरा पूरी तरह परिवार के आस पास ही रखे जाने के विरोध में परिजन सूबे के कई आला अधिकारी से मिल चुके हैं. पुलिस सूत्रों का कहना है कि परिजन मनु महाराज, डीआइजी समेत कई अधिकारी से मिल कर अपनी फरियाद लगा चुके हैं. पर, नतीजा वहां से भी कुछ नहीं निकला. इधर, नैंसी हत्याकांड को लेकर अब भी परिवार के लोग राघवेंद्र, पंकज व कथित तौर पर पूजा की भूमिका से इनकार कर रहे हैं. खुद नैंसी के पिता रवींद्र, मां नूतन व अन्य करीबी इसमें पुलिस के द्वारा राघवेंद्र व पंकज को मास्टर माइंड बताने के बाद भी यह बातें स्वीकार नहीं कर पा रहा है कि इसमें दोनों की भूमिका हो सकती है. रवींद्र अब भी अपने दोनों भाइयों को पूरी तरह से बेकसूर मान रहे हैं. हालांकि, परिवार भी नैंसी की हत्या में पवन व लालू पर संदेह ही व्यक्त कर रहा है.
नैंसी के पिता रवींद्र ने कहा है कि जिस दिन जांच के दौरान स्वान दस्ता आया था. उस दिन कुत्ता एक तीसरे व्यक्ति के घर में भी गया था. इस बात को पुलिस ने कहीं भी जांच रिपोर्ट में जिक्र नहीं किया है.
पुलिस कर रही कांड को उद्भेदन का दावा : एसआइटी की टीम ने राघवेंद्र व पंकज के गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित हत्याकांड के उद्भेदन करने का दावा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में उसके चाचा राघवेंद्र व पंकज को पुलिस ने गिरफ्तार झंझारपुर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे पहले तो तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी. फिर, जेल भेज दी गया. दुबारा दोनों को रिमांड पर लिया गया. लंबी पूछताछ की गयी. राघवेंद्र को नैंसी हत्या कांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है.
एसपी बता रहे हैं कि दोनों के विरुद्ध पुलिस के पास पुख्ता सबूत हैं. एसपी के अनुसार शुरू से ही राघवेंद्र का बयान व हड़कत संदेहास्पद रहा है. इस कारण एसआइटी की टीम ने जांच का दायरा परिवार के समीप रखा और उसी का परिणाम है कि आज पुलिस इस हत्याकांड का उद्भेदन करने के करीब है. अभी इस मामले में और कुछ लोगों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता है.
राघवेंद्र और पंकज को नैंसी हत्याकांड में आरोपित बताये जाने के पुलिस के दावे को नैंसी के पिता व परिजनों ने खारिज कर दिया है. नैंसी के पिता रवींद्र झा ने कहा है कि पुलिस इस हत्याकांड को दबाना चाहती है. इस कारण उसके भाइयों को ही पकड़ लिया गया है. उन्होंने कहा है कि जिसके बहन की शादी होगी वह अपनी भतीजी का हत्या किस कारण से करेगा.
कहा, जिस दिन से अंधरामठ थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है उसी दिन से पुलिस परिवार से नाराज चल रहा है. छोटी-छोटी बातों को बेवजह कड़ी से कड़ी जोड़ा जा रहा है. कहा है कि राघवेंद्र और पंकज पूरी तरह से निर्दोष है. उसे पुलिस बेवजह फंसा रही है. कहा, पुलिस इस हत्याकांड में अपनी नाकामी को छिपा रही है.
सादपुरा के कुमार अभिनय बने पहले विजेता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >