मधुबनी : नगर परिषद बोर्ड के गठन के बाद शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद सुनैना देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक सौहाद्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. बैठक के दौरान 11 बिंदुओं पर सदस्यों के बीच चर्चा के बाद सहमति बनी. मुख्य पार्षद सुनैना देवी ने कहा कि शहर में साफ- सफाई प्राथमिकता के आधार पर करायी जायेगी. इसमें किसी भी प्रकार को कोताही बरतने वालों पर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही मानसून पूर्व शहर के तीनों कैनालों वाटसन, किंस तथा राज कैनाल की सफाई करायी जायेगी. ताकि शहर में जल जमाव ना हो.
उपमुख्य पार्षद वारिश अंसारी ने वार्ड नंबर 21 से 30 तक में हो रही सफाई पर नाराजगी जताते हुए नये स्तर से सफाई कराये जाने की बात कही. वहीं समिति के सदस्य मनीष सिंह ने डोर टू डोर कचरा के उठाव के लिए ठेला की जगह ई रिक्शा खरीद तथा कूड़ादान की खरीद का मामला रखा. जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जतायी. बैठक में सदस्यों ने कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यणाली पर संतोष व्यक्त किया. बैठक में मुख्य पार्षद सुनैना देवी, उपमुख्य पार्षद वारिश अंसारी, सदस्य मनीष सिंह, सुनिता देवी, जयशंकर साह तथा कार्यपालक पदाधिकारी जटाशंकर झा उपस्थित थे.
इन बिंदुओं पर हुई चर्चा : मानसून पूर्व कैनालों की सफाई, डोर टू डोर कचरा का उठाव, फॉगिंग मशीन की खरीद तथा नियमित संचालन कूड़ादान क्रय, स्टीट्र लाईट की मरम्मती तथा नया स्ट्रीट लाईट लगाने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई.
ई रिक्शा सहित अन्य की खरीद पर सहमति : शहर में साफ- सफाई दुरूस्त करने के लिए नियमित रूप से डोर- टू डो कचरे का उठाव किया जायेगा. इसके लिए 10 ई- रिक्सा की खरीद की जायेगी. तथा 150 कूड़ादान सभी 50 लीटर की खरीद की जायेगी. वहीं 200 वेपर लाईट की खरीद तथा पुराने की मरम्मति तथा स्ट्रीट लाइट की मरम्मति का कार्य कराया जायेगा.बैठक में तीन छोटे फॉगिंग मशीन के खरीद का निर्णय लिया गया.
पार्षदों के द्वारा सूची उपलब्ध कराये जाने पर विचार : सबके के लिए आवास तथा शौचालय निर्माण पर सभी सदस्य गंभीर दिखे. इस योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचे इस पर व्यापक विचार विमर्स किया गया. सदस्यों ने आपसी सहमति के बाद निर्णय लिया कि सभी वार्ड सदस्य अपने- अपने वार्ड का सूची बनाकर नगर परिषद को उपलब्ध करायेंगे.
