उदाकिशुनगंज में ऑटो पलटने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के रघुवरगंज स्थित पुरानी शक्कर मिल के समीप शनिवार देर संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी.

उदाकिशुनगंज. उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के रघुवरगंज स्थित पुरानी शक्कर मिल के समीप शनिवार देर संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. बताया जाता है कि एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. इसमें सवार छह लोग घायल हो गये. गंभीर रूप से घायल एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीड़ी रनपाल गांव वार्ड नंबर पांच निवासी दासो ऋषि देव के 35 वर्षीय पुत्र राजो ऋषिदेव अन्य लोगों के साथ ऑटो पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. रघुवरगंज स्थित पुरानी शक्कर मिल के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया. गंभीर रूप से घायल राजो ऋषिदेव को आनन-फानन में बिहारीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. गांव में शोक का माहौल है. बताया जाता है कि राजो ऋषिदेव सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे. शोक व्यक्त करने पहुंचे जदयू के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मंडल ने कहा कि राजो ऋषिदेव पार्टी के एक निष्ठावान व कर्मठ कार्यकर्ता थे. उनकी असमय मृत्यु से पार्टी और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है. वहीं मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गये हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व सरकारी सहायता देने की मांग की है. उधर, पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >