श्रीनगर थाना क्षेत्र से दो किशोरियां लापता, जांच में जुटी पुलिस

श्रीनगर थाना क्षेत्र से दो किशोरियां लापता, जांच में जुटी पुलिस

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद सिमरी बख्तियारपुर का युवक ले गया एक किशोरी को, दूसरा मामला भी प्रेम प्रसंग से जुड़ा

कुमारखंड. श्रीनगर थाना क्षेत्र के रामनगर महेश पंचायत से दो किशोरियों के अलग-अलग युवकों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है. दोनों घटनाओं के बाद से परिजनों में चिंता व कोहराम का माहौल है. इन मामलों को लेकर परिजनों द्वारा श्रीनगर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगायी है. पुलिस ने आवेदन दर्ज कर दोनों किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है.

पहली घटना: इंस्टाग्राम की दोस्ती के बाद गायब हुई किशोरी

परिजनों के अनुसार, एक किशोरी की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सिमरी बख्तियारपुर निवासी प्रेम कुमार (पिता योगी साह) से हुई थी. दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी. धीरे-धीरे यह बातचीत प्रेम प्रसंग में बदल गयी. शनिवार की शाम करीब पांच बजे किशोरी अचानक घर से लापता हो गयी. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने आशंका जतायी कि प्रेम कुमार ही उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर भागा है.

दूसरी घटना: बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप

वहीं, दूसरी घटना में रविवार की सुबह करीब सात बजे एक अन्य किशोरी अचानक अपने घर से लापता हो गयी. इस मामले में परिजनों ने पुरैनी वार्ड संख्या छह निवासी विकास मेहता (पिता- विनोद मेहता) पर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि विकास मेहता उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश रही पुलिस

दोनों ही मामलों में पीड़ित परिजनों ने श्रीनगर थाने में आवेदन देकर अपनी बेटियों की सुरक्षित बरामदगी व आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

दोनों मामलों में परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. दोनों किशोरियों व आरोपितों की तलाश के लिए मोबाइल लोकेशन का सहारा लिया जा रहा है, जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा. – कृष्ण कुमार, थानाध्यक्ष, श्रीनगर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >