अररिया के राहगीर से कर रहे थे लूटपाट, गश्ती पुलिस को देख भागने के दौरान दबोचे गए, एक फरार
पुरैनी (मधेपुरा). उदाकिशुनगंज-भटगामा एसएच 58 पर बघरा मोड़ के समीप लूट की घटना को अंजाम दे रहे तीन अपराधियों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. पुलिस ने अपराधियों के पास से एक अवैध हथियार व जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अमरजीत कुमार व मनीष कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन अपराधी एक राहगीर से लूटपाट कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस का गश्ती वाहन वहां पहुंच गया. पुलिस की गाड़ी को देखकर अपराधी भागने लगे. इस बीच, पीड़ित ने दिलेरी दिखाते हुए बाइक पर सवार एक अपराधी को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुआ. पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल दूसरे अपराधी को मकदमपुर से गिरफ्तार किया गया.
बेटे की शादी की मार्केटिंग कर लौट रहे थे पीड़ित
पीड़ित की पहचान अररिया जिला के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बढौवा गांव निवासी कुंदन कुमार शर्मा के रूप में हुई है. वह अपने एक मित्र के साथ बेटे की शादी की मार्केटिंग करने कटिहार गए थे. वहां से लौटने के दौरान वे चौसा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुके.
चौसा से जब वे एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए बेला की ओर जा रहे थे, तभी पुरैनी थाना क्षेत्र के बघरा मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. घटना के बाद पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस तीसरे फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.