Madhepura, टिक्कड़ टोला–शाहपुर मार्ग बदहाल, ग्रामीण हलकान
Copied link
टिक्कड़ टोला–शाहपुर मार्ग बदहाल, ग्रामीण हलकान
ग्वालपाड़ा, मधेपुरा से रिपोर्ट,
प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत टिक्कड़ टोला से शाहपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है. वर्षों से मरम्मत के अभाव में यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, इससे इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले हजारों ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि इसकी पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है एवं अब सड़क पर केवल गिट्टियां व धूल ही नजर आती है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार उखड़ी हुई गिट्टियों के कारण आये दिन बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है. जर्जर सड़क के कारण आपात स्थिति में एम्बुलेंस का गांव तक पहुंचना या मरीजों को अस्पताल ले जाना भी बड़ी चुनौती बन गया है. वही खेतों के बीच से गुजरने वाली इस सड़क से किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. सड़क की खस्ताहाली ने विकास के दावों की पोल खोल कर रख दी है. स्थानीय लोगों में शाहपुर के समिति प्रतिनिधि विदुर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सिंह और गोलू सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत नारकीय हो चुकी है. विशेषकर पुल के पास सड़क का एप्रोच धंस जाने से छोटे-बड़े सभी वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.