उदाकिशुनगंज. अनुमंडल मुख्यालय के कॉलेज चौक स्थित विश्वकर्मा मंदिर परिसर में बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उमाकांत सिंह ने की. बैठक में किसानों व मजदूरों की बदहाली पर चिंता व्यक्त की गयी व सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया. भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर बिहार के सत्ता परिवर्तन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब यहां गरीबों दलितों व अकलियतों पर सम्राट बुलडोजर चलेगा. उन्होंने कहा कि जदयू के कंधे पर सवार होकर बीजेपी नेता बिहार में पहली बार मुख्यमंत्री पद पर आसीन हुये हैं. भाकपा नेता ने कहा कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली मोदी सरकार से आमजन पहले से ही त्रस्त है. वर्तमान समय में देश में रसोई गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत के लिए केंद्र की मोदी सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराते हुये उन्होंने ईरान से इजरायल अमेरिका युद्ध में भारत सरकार की भूमिका को आपत्तिजनक बताया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा भारत अमेरिका व्यापार समझौता आजादी के बाद भारतीय किसानों के साथ सबसे बड़ा धोखा है. उन्होंने कहा कि बीज अधिनियम व विद्युत अधिनियम 2025, मनरेगा के जगह वीबीजीरामजी एक्ट व चार लेबर कोड किसानों और मजदूरों पर ब्रजपात है. भाकपा नेता प्रभाकर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसानों और मजदूरों की नहीं कॉरपोरेटों की है. उन्होंने सरकार की किसान मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया. भाकपा जिला मंत्री विद्याधर मुखिया ने विगत दिन भारी बारिश व तूफान से हुए किसानों की फसल क्षति का मुआवजा शीघ्र भुगतान करने व भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देने की मांग की. पार्टी के सहायक जिला मंत्री पवन कुमार व रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार किसान मजदूर विरोधी है. हमारी पार्टी किसानों मजदूरों की अनदेखी नहीं सहेगी. पार्टी के राज्य परिषद सदस्य शैलेंद्र कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार जी भाजपा को अपने कंधे पर चढ़ाकर बिहार में सत्ता सौंप कर ऐतिहासिक भूल की है. बैठक में पार्टी के वरीय नेता अंबिका मंडल, मुकुंद प्रसाद यादव, सागर चौधरी ,जगत नारायण शर्मा, प्रमोद कुमार सिंह, उमेश यादव, अनिल भारती ,अरुण कुमार तांती, दिगंबर झा, शंभू पासवान, मो जहांगीर, कुंदन यादव ,अजीत शर्मा, कुंदन यादव, रौशन कुमार यादव, उमाशंकर मुन्ना ,सोनेलाल मेहता, सुरेंद्र शाह आदि नेता उपस्थित थे.
भाकपा की बैठक में सरकार की नीतियों का किया विरोध
भाकपा की बैठक में सरकार की नीतियों का किया विरोध
