बिहार पुलिस की अपील : फर्जी SMS और मैसेज से रहें सावधान, एक लिंक पर क्लिक करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता

साइबर अपराधी नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं, फर्जी लिंक भेजकर आपका डेटा चुराने की कोशिश कर रहे हैं. बिहार पुलिस ने लोगों को ऐसे संदेशों से सावधान रहने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है.

साइबर अपराधी लगातार ठगी के नये-नये तरीके अपना रहे हैं. फर्जी एसएमएस, मैसेज और लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाया जा रहा है. बिहार पुलिस ने लोगों को ऐसे संदेशों से सावधान रहने और बिना जांचे किसी भी लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है.

फर्जी लिंक भेजकर डाटा चुराने की कोशिश

पुलिस के अनुसार साइबर ठग लोगों के मोबाइल पर फर्जी एसएमएस या मैसेज भेजते हैं. इसमें किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है. जैसे ही कोई व्यक्ति बिना जांचे लिंक खोलता है, ठग मोबाइल में मौजूद व्यक्तिगत जानकारी और बैंकिंग से जुड़ा डाटा हासिल करने की कोशिश करते हैं. इसके बाद बैंक खाते से रुपये निकालने या अन्य तरीके से आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है.

अनजान लिंक पर गलती से भी नहीं करें क्लिक

बिहार पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी अनजान नंबर से आये एसएमएस, मैसेज या लिंक पर भरोसा नहीं करें. किसी भी संदिग्ध लिंक को खोलने से बचें. खासकर बैंकिंग से जुड़े संदेश मिलने पर पहले उसकी सत्यता की जांच कर लें.

OTP, PIN और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करें

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए. बैंकिंग और दूसरे जरूरी काम के लिए हमेशा संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एप का ही इस्तेमाल करें.

संदिग्ध मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें

यदि किसी संदेश, फोन कॉल या लिंक को लेकर संदेह हो, तो पहले उसकी सत्यता की जांच करें. जल्दबाजी में किसी लिंक पर क्लिक करना या निजी जानकारी साझा करना भारी पड़ सकता है. किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई एप भी डाउनलोड नहीं करें.

साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है या उसे किसी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज करायें. समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >