कोल्हायपट्टी पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. सिंगियान पंचायत के रानीपट्टी धरहारा वार्ड आठ निवासी प्रसादी दास के 38 वर्षीय पुत्र अखिलेश दास ने दम तोड़ दिया. उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया गया कि अखिलेश दास मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. वे अपनी पत्नी बबीता देवी और छह छोटे बच्चों-खुशबू कुमारी, अंशु कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रीति कुमारी, अमन कुमार और ज्योतिष कुमार को पीछे छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक की लहर है. हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 28 वर्षीय राजू कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गये. उनका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. मृतक व घायल के बीच मामा-भांजा का संबंध बताया गया है. परिजनों के अनुसार, दोनों मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी एक ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. प्राथमिक उपचार के बाद मुरलीगंज सीएचसी से रेफर किये जाने पर अखिलेश को बेहतर इलाज के लिए नेपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.