अब प्रखंड कार्यालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर ! पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, मौके पर सुनेंगे अधिकारी

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कुमारखंड की 17 पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे. प्रशासन और पुलिस के अधिकारी ग्रामीणों की भूमि, राजस्व, राशन, पेंशन, आवास और प्रमाण-पत्र से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे.

कुमारखंड (मधेपुरा) : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए कुमारखंड प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे. इसे लेकर मधेपुरा जिला प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए पंचायतवार रोस्टर तैयार किया है. निर्धारित तिथियों पर लगने वाले इन शिविरों में प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.

17 पंचायतों में आयोजित होंगे शिविर

जारी रोस्टर के अनुसार चुरैनी, परमानंदपुर, बेलारी, विशनपुर सुंदर, लक्ष्मीपुर भगवती, रामनगर महेश, टेंगराहा सिकियाहा, रौता, टेंगराहा परिहारी, सिहपुर गढ़िया, लक्ष्मीपुर चंडीस्थान, विशनपुर बाजार, विशनपुर कोड़लाही, कुमारखंड, मंगरवाड़ा, इसराईन बेला और इसराईन कला पंचायतों को शिविर के लिए शामिल किया गया है.

सहयोग शिविर में इन समस्याओं को रख सकेंगे ग्रामीण

शिविर में ग्रामीण भूमि, राजस्व, विकास, जनकल्याण, राशन, पेंशन, आवास, प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं के निष्पादन की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू करने और आवश्यक मामलों में त्वरित कार्रवाई करने की पहल होगी.

शिविर में प्रशासन के साथ पुलिस की भी रहेगी मौजूदगी

सहयोग शिविर के मुख्य बिंदु

  • कुमारखंड की 17 पंचायतों को रोस्टर में शामिल किया गया है.
  • निर्धारित तिथियों पर संबंधित पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे.
  • प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
  • भूमि, राजस्व, राशन, पेंशन, आवास और प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों को रखा जा सकेगा.
  • आवश्यक मामलों में मौके से ही कार्रवाई और निष्पादन की पहल होगी.
  • ग्रामीणों से जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की गयी है.

प्रखंड और जिला कार्यालय के चक्कर से मिलेगी राहत

प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला मुख्यालय या प्रखंड कार्यालय जाने से राहत मिलने की उम्मीद है. पंचायत स्तर पर अधिकारियों की मौजूदगी से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभाग के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा.

जिला प्रशासन ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं. ग्रामीणों से अपील की गयी है कि वे अपने पंचायत की निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचें और समस्या से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पवन कुमार

पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >