– आवेदकों को सहज ऋण एवं त्वरित, कनेक्शन के लिये बैंक व विद्युत विभाग, को डीएम के सख्त निर्देश –
मधेपुरा.
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के निर्देशानुसार गुरूवार विद्युत कार्यालय परिसर में सोलर मेला का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और जिले में सौर उर्जा को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिये. जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सोलर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुये पात्र आवेदकों को सहज एवं शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाये. उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से सोलर हेतु आवेदन प्राप्त कर उन्हें बिना विलंब कनेक्शन उपलब्ध कराया जाये. जिलाधिकारी ने विद्युत कार्यपालक अभियंता एवं उदाकिशुनगंज को सोलर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु एक समर्पित “सोलर सेल” गठित करने का निर्देश दिया, ताकि आवेदकों, वेंडरों एवं अन्य हितधारकों को एक ही स्थान पर सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध हो सके. मेला के दौरान एके मलिक एवं संतोष कुमार ने सोलर उर्जा के लाभों पर प्रकाश डाला एवं अपने अनुभव साझा करते हुये बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित करने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है. इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा अमित कुमार सिंह, संतोष कुमार एवं एके मलिक को सोलर अपनाने के लिए सम्मानित भी किया गया.जिलाधिकारी ने उपस्थित वेंडरों को निर्देश दिया कि वे मधेपुरा में अपने कार्यालय स्थापित करें, ताकि उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन प्राप्त करने में सुविधा हो तथा उन्हें सोलर उर्जा के लाभों के बारे में व्यापक जानकारी मिल सके. जिले में ऐसे 16,236 उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं. जिनका मासिक बिजली बिल 125 यूनिट से अधिक है, जबकि उदाकिशुनगंज क्षेत्र में ऐसे 7,829 उपभोक्ता हैं. जिलाधिकारी ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं को सोलर उर्जा अपनाने की सलाह दी, जिससे वे आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ उर्जा के उपयोग में भी योगदान दे सकें.
आयोजित सोलर मेला में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुये, जो कि इस दिशा में जन-जागरूकता एवं सहभागिता का सकारात्मक संकेत है. इसके अतिरिक्त एफएन इंडिया, फ्यूजन टेक देवन प्रालि सहित अन्य सोलर वेंडरों एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई. जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह सोलर मेला न केवल स्वच्छ एवं नवीकरणीय उर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि आम उपभोक्ताओं को सौर उर्जा अपनाने के लिये प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा.कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता उदाकिशुनगंज राजीव रंजन, सहायक विद्युत अभियंता सिंहेश्वर विजय कुमार, सहायक विद्युत अभियंता मुरलीगंज तारानंद यादव सहित विभिन्न कनीय विद्युत अभियंताओं, विभागीय कर्मियों एवं मानव बल की उपस्थिति रही.
