मधेपुरा के पुरैनी में भीषण सड़क हादसा, टोटो-आल्टो टक्कर में युवक की मौत के बाद SH-58 पर बवाल

मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात टोटो और कार की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर SH-58 जाम कर दिया.

Madhepura News: मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. योगीराज रामटोला के समीप टोटो और आल्टो कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क SH-58 को जाम कर दिया और सड़क सुरक्षा के स्थायी उपायों के साथ मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए.

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और देर रात तक सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.

सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था प्रिंस

मृतक की पहचान नरदह पंचायत के दूहबी सुहबी वार्ड संख्या 10 निवासी प्रिंस के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार प्रिंस पुरैनी बाजार से सब्जी खरीदकर टोटो से अपने घर लौट रहे थे.

जब टोटो योगीराज रामटोला के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रही आल्टो कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिंस ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और SH-58 को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई.

ग्रामीणों ने दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, चेतावनी संकेतक लगाने, सड़क सुरक्षा के अन्य उपाय करने और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की.

पप्पू यादव ने रुककर परिजनों से की मुलाकात

इसी दौरान पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव उसी मार्ग से गुजर रहे थे. उन्होंने घटनास्थल पर रुककर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.


घटना स्थल पर पहुंचे सांसद पप्पू यादव

सांसद ने प्रशासन से भी आवश्यक कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही, जिससे कुछ समय के लिए माहौल शांत हुआ, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे रहे.

प्रशासन मौके पर, लेकिन जाम देर रात तक जारी

घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, पुरैनी थाना अध्यक्ष रितेश कुमार, थाना पुलिस बल और बीडीओ अमरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे.

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उदाकिशुनगंज एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचकर स्पीड ब्रेकर निर्माण, सड़क सुरक्षा व्यवस्था और मुआवजे को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं देंगे, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा.

खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी.

Madhepura News: सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि SH-58 पर कई स्थानों पर स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण तेज रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं.

क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय संवेदनशील स्थानों की पहचान कर स्थायी सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार

Also Read: Integrated Steel Plant: बिहार में 6000 करोड़ की लागत से लगेगा स्टील प्लांट, रोजगार और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को बढ़ावा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वसीम अख्तर

वसीम अख्तर प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पुरैनी (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >