कदाचारमुक्त और निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट:
Madhepura exam news: बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी-बीएड-2026) का आयोजन सात जून को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे तक संचालित होगी. परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने की.
बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
राज्य नोडल पदाधिकारी, सीईटी-बीएड-2026, Babasaheb Bhimrao Ambedkar Bihar University के निर्देशानुसार परीक्षा निर्धारित समय पर आयोजित होगी.
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचें तथा प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लेकर आएं. सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थी शांत एवं सकारात्मक माहौल में परीक्षा दे सकें.
प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और कर्मियों के समन्वित प्रयास से परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा.
जिले में परीक्षा के लिए मधेपुरा कॉलेज, होली क्रॉस स्कूल, पार्वती साइंस कॉलेज, विमेंस कॉलेज, टीपी कॉलेज, बीएनएमवी कॉलेज (सहुगढ़), वेदव्यास कॉलेज एवं मधेपुरा इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
