सिंहेश्वर नगर पंचायत कार्यालय स्थित सभा भवन में बुधवार को सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्षा पूनम देवी ने की. बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, जल निकासी, नल जल योजना, सड़क निर्माण और साफ-सफाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी.
सभी वार्डों में होगी नाला और गाद की जांच
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में नालों की स्थिति की जांच करायी जायेगी. जिन वार्डों में नाला जाम, गाद या कचरे की समस्या मिलेगी, वहां कार्यकारी एजेंसी से पत्राचार कर जल्द सफाई कराने की कार्रवाई की जायेगी. इससे जलजमाव की समस्या कम करने की कोशिश होगी.
गणेश चतुर्थी मेले से पहले वार्ड छह में जल निकासी
गणेश चतुर्थी मेला शुरू होने से पहले वार्ड संख्या छह में नाला के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया. आवश्यकता पड़ने पर टैंकर के माध्यम से विभिन्न स्थलों से पानी निकालने की व्यवस्था भी की जायेगी.
यात्री शेड और सेल्फी प्वाइंट बनाने पर जोर
नगर पंचायत क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर यात्री शेड का निर्माण कराया जायेगा. वहीं नगर पंचायत के सौंदर्यीकरण को लेकर चयनित स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाने का भी निर्णय लिया गया.
नल जल योजना को सुचारू करने की तैयारी
बैठक में पीएचईडी और नल जल योजना के तहत संचालित प्लांटों और कनेक्शनों को सुचारू रूप से चलाने पर विशेष जोर दिया गया. नल जल योजना के संचालन के लिए फिलहाल अस्थायी रूप से ऑपरेटरों की व्यवस्था की जा रही है. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑपरेटरों के मानदेय का भुगतान संबंधित संवेदक द्वारा किया जायेगा.
खराबी दूर करने के लिए मिस्त्री की होगी व्यवस्था
सभी नल जल प्लांटों के सुचारू संचालन के लिए मिस्त्री की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी. इसके भुगतान को लेकर सभी वार्ड पार्षदों से सहमति पत्र प्राप्त किया जायेगा. प्लांट में तकनीकी खराबी या अन्य समस्या के समाधान पर होने वाले खर्च का भुगतान निर्धारित वित्तीय मद से किये जाने का निर्णय लिया गया.
वार्ड नौ और दस में पाइपलाइन व सड़क निर्माण
वार्ड संख्या नौ में नल जल का मिनी प्लांट बनाने का निर्णय लिया गया. वार्ड संख्या 10 में दिगंबर भारत के घर से त्रिशूल चौक तक पानी की पाइपलाइन बिछायी जायेगी. जिन वार्डों में नल जल का कनेक्शन नहीं है या पाइपलाइन में लीकेज है, वहां तत्काल नयी पाइप और कनेक्शन लगाने का कार्य कराया जायेगा.
कई वार्डों में सड़क और नाला निर्माण को मंजूरी
वार्ड संख्या 10 में ध्रुव भगत के घर से मोहम्मद नुरो के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कराया जायेगा. वार्ड नौ में एनएच से बीएमसी दूध उद्योग तक सड़क और नाला निर्माण, वार्ड सात में चंद्रकिशोर राम के घर से गब्बी तक नाला निर्माण कराया जायेगा.
वार्ड तीन में गणेश साह के घर से दीना भदरी होते हुए लालपुर रोड तक सड़क और नाला निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया. मछुआ टोली के आगे सड़क की मरम्मत और वार्ड संख्या एक में संतोष सिंह के घर के पास से ओम शांति तक सड़क निर्माण कराने पर भी सहमति बनी.
महाशिवरात्रि मेला स्थल के पास कचरे का मुद्दा उठा
बैठक में सांसद प्रतिनिधि हरेंद्र मंडल ने महाशिवरात्रि मेला उद्घाटन स्थल के पीछे कचरे का ढेर लगे होने की समस्या उठायी. इस पर संबंधित एजेंसी को पत्राचार कर कचरा हटाने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में अधिकारी और वार्ड पार्षद रहे मौजूद
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी राजकुमार कुशवाहा, वार्ड पार्षद रंजीत सिंह, आफताब अहमद, प्रदीप राम, बजरंग कुमार, इंद्रजीत कुमार, बिंदेश्वरी राम, चांदनी देवी, नीलू देवी, कार्यालय कर्मी रिशु आनंद सहित अन्य मौजूद रहे.
