सिंहेश्वर में स्मैक की पुड़िया बनाते पकड़े गए सात युवक, 11 ग्राम मादक पदार्थ व नकदी बरामद

सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सात युवकों को गिरफ्तार किया है. ये युवक स्मैक की पुड़िया तैयार कर बिक्री की फिराक में थे. पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ, उपकरण और नकदी बरामद की है.

Drug Racket: मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में स्मैक की पुड़िया तैयार कर बिक्री की तैयारी कर रहे सात युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सोमवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए. सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार शाम सूचना मिली थी कि राम जानकी ठाकुरबाड़ी के पीछे कुछ युवक स्मैक की पुड़िया बनाकर बिक्री की तैयारी कर रहे हैं. सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर छापेमारी की.

सात युवक गिरफ्तार, स्मैक और नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र निवासी सनीष कुमार, मंगल कुमार, बबलू कुमार, अमर कुमार, कृष्णा कुमार, भूषण कुमार तथा दीपक कुमार को गिरफ्तार किया. तलाशी में आठ प्लास्टिक पुड़ियों में कुल 11 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ, दो नारंगी एवं एक हरे रंग की चुनौटी, छह लाइटर, तीन छोटी स्टील की कैंची, एक एल्युमिनियम रेपर, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले सात प्लास्टिक के टुकड़े, तीन मोबाइल फोन तथा 3,110 रुपये नकद बरामद किए गए.

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर सीलबंद किया. पूछताछ के दौरान आरोपित बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसके बाद सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई.

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

Drug Racket: थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना आरोपितों के परिजनों को दे दी गई है. सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >