मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट Madhepura News : बीएन मंडल विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित वाणिज्य विभाग में शुक्रवार को एमकॉम सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन एमकॉम सत्र 2025-27 के विद्यार्थियों ने किया. समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह व भावुक पलों ने छात्रों और शिक्षकों को यादगार अनुभव दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ हुई. इसके बाद नृत्य, गायन, भाषण और रैंप वॉक की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया. वरिष्ठ छात्रा प्रिया पटेल द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं. वहीं चंचल और आकांक्षा की जोड़ी ने गीत-नृत्य प्रस्तुति से समां बांध दिया.छात्रों को पौधा व उपहार भेंट कर किया सम्मानित
इस दौरान वरिष्ठ छात्रों को पौधा एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. केक कटिंग और अभी ना जाओ छोड़ कर जैसे भावनात्मक गीतों ने समारोह को भावुक बना दिया. विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों में भी छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. समारोह में विभागाध्यक्ष डॉ सुनील कुमार, डॉ मोनिका मौर्य, डॉ योगेश पांडे, डॉ पीएन सिंह एवं प्रो डॉ सुधीर शाह मौजूद रहे. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से बेहतर कैरियर बनाने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया. साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
कार्यक्रम को सफल बनाने में फेयरवेल कमेटी के सदस्य आदित, हर्ष, मिथुन, रिया, विक्की और खुशी समेत अन्य विद्यार्थियों की अहम भूमिका रही. एरिन, अंतरा, अपेक्षा, आकांक्षा, चंचल, ऋतिक और भानू सहित कई छात्रों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभायी अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ.