गम्हरिया. स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था तथा उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया. इस दौरान सीएस ने अस्पताल प्रबंधन को कई दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कुछ महत्वपूर्ण कमियों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभिषेक कुमार ने अस्पताल की मूलभूत समस्याओं को सिविल सर्जन के समक्ष रखा. उन्होंने अस्पताल में सुचारू बिजली आपूर्ति और परिसर की चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा उठाये गये मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. मौके पर डॉ सुचिता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभिषेक कुमार आदि मौजूद थे.
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
Copied link
Civil Surgeon inspected the health center