मधेपुरा. जिले में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली. पुलिस ने 258 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई एसपी डा संदीप सिंह के निर्देश पर की गयी. विदित हो कि सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि साहुगढ़ बाजार टोला वार्ड नौ निवासी अमरेश साह उर्फ ‘हिटलर’ चार चक्का वाहन से भारी मात्रा में नशीली दवा लाकर अपने घर में रखे हुए है. सूचना के आधार पर सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गयी. इस दौरान पुलिस ने आरोपित के घर के पास खड़ी नेक्सन कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-43AG-5556) से छिपाकर रखे गये 258 लीटर कफ सिरप बरामद किया. बरामद दवा में कोडीन फॉस्फेट व ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त ‘विक्सी ऑफ कफ सिरप’ शामिल है. कुल 2580 बोतल (प्रत्येक 100 एमएल) जब्त की गयी. वहीं गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमरेश साह उर्फ हिटलर (लगभग 55 वर्ष), पिता अशोक साह, निवासी साहुगढ़ बाजार टोला वार्ड-09, थाना एवं जिला मधेपुरा के रूप में हुई है. वहीं इस संबंध में मधेपुरा थाना कांड-581/26, दिनांक 31 मई 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, लक्ष्मीनारायण महतो, संतोष सिंह, दिनेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
258 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
जिले में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली
