आयुष्मान आरोग्य मंदिर बालाटोल में एनीमिया मुक्त भारत अभियान शुरू, एक माह तक होगी हीमोग्लोबिन जांच

मधेपुरा के बालाटोल आयुष्मान आरोग्य मंदिर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ हुआ। यहाँ बीमारियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जा रही है।

पुरैनी, मधेपुरा. आयुष्मान आरोग्य मंदिर बालाटोल में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनीमिया मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया. इस दौरान गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के साथ लोगों को योगाभ्यास भी कराया गया. अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करने और विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.

ब्लड प्रेशर और शुगर सहित कैंसर की भी हुई स्क्रीनिंग

अभियान के तहत लाभार्थियों का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गयी. इसके अलावा ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गयी. स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को नियमित जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर स्वास्थ्य संस्थान पहुंचने की सलाह दी.

छह माह से अधिक उम्र के लोगों की होगी हीमोग्लोबिन जांच

सीएचओ मनीष कुमार ने बताया कि अभियान एक माह तक चलेगा. इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्षेत्र के छह माह से अधिक उम्र के सभी लोगों के हीमोग्लोबिन की जांच की जाएगी. उन्होंने बताया कि जांच के माध्यम से एनीमिया से प्रभावित लोगों की पहचान की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जा सके.

30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी एनसीडी स्क्रीनिंग

अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों की गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी. इसमें मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य बीमारियों की पहचान पर ध्यान दिया जाएगा.

सीएचओ ने कहा कि नियमित जांच से कई बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव है. इससे समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिलती है.

एनीमिया और गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान लक्ष्य

मनीष कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य एनीमिया एवं गैर-संचारी रोगों से ग्रसित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. स्वास्थ्य जांच और जागरूकता से बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है.

योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास भी कराया गया. लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधि करने के लिए प्रेरित किया गया. मौके पर एएनएम पूनम कुमारी, मनीषा कुमारी, रौशनी कुमारी, रूपम कुमारी, आशा कार्यकर्ता रूबी कुमारी, रंजना कुमारी, साधना कुमारी, आशा फैसिलिटेटर पूनम कुमारी एवं जन आरोग्य समिति के सदस्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वसीम अख्तर

वसीम अख्तर प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पुरैनी (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >