PM Janman Yojana : पीएम जनमन योजना के तहत बाल विकास परियोजना कुमारखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के साथ ही केंद्र में पोषक क्षेत्र के लाभुकों के लिए समुदाय आधारित गतिविधियों के तहत अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.
'आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव'
उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का सशक्त आधार है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर बच्चे को बेहतर पोषण और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध हो, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके.
अभिभावकों से बच्चों को नियमित केंद्र भेजने की अपील
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सीमा कुमारी ने उपस्थित अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को शुरुआती अवस्था से ही उचित पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण मिले, तो वे आगे चलकर स्वस्थ, शिक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे. उन्होंने माताओं से भी पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का नियमित लाभ लेने का आग्रह किया.
ग्रामीणों और अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अज़हर इमाम, सीएम फेलो गायत्री कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक अमन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता मनरेगा, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
