सिंहेश्वर. बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की मौत मामले में पिता ने मामला दर्ज कराया है. छात्रा के पिता ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. थानाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता के आवेदन पर हत्या का केस दर्ज किया गया है. इससे पहले बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा खुशबू कुमारी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बुधवार की देर रात मृतका के पिता, चाचा सहित अन्य परिजन मधेपुरा पहुंचे और सिंहेश्वर थाना में आवेदन दिया है. इस मामले में मृतका के पिता पवन कुमार सिंह ने कहा कि बेटी की हत्या हुई है. उनका कहना है कि खुशबू का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और बीते दिन भी उससे फोन पर बहुत अच्छे से बातचीत हुई थी. बेटी सामान्य थी. गांव में वही अकेली थी जिसने इंजीनियरिंग में नामांकन लिया था. मृतका के चाचा दुर्गा प्रसाद ने कहा कि खुशबू केवल पढ़ाई और आगे बढ़ने का सपना देखने वाली लड़की थी. वह आत्महत्या कर ही नहीं सकती. उन्होंने कहा कि छुट्टियों में भी जब वह घर आती थी तो उसका ज्यादातर समय किताबों के साथ ही गुजरता था. ज्ञात हो कि दो फरवरी को बीपी मंडल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के गर्ल्स हॉस्टल में खुशबू कुमारी का शव उनके कमरे से संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ था.
इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की मौत के बाद पिता ने दर्ज करायी प्राथमिकी
इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा की मौत के बाद पिता ने दर्ज करायी प्राथमिकी
