मधेपुरा : हमरा नैहरा पहुंचा दह हौ टेंपूवला भाय ! किसनुपर की नूतन देवी मधेपुरा बस स्टैंड पर एक हाथ से बच्चे को संभाल रही है वहीं दूसरे हाथ में छठ की पूजा सामग्री की पोटली लिये टेंपू वाले से अनुनय कर रही है. यह टेंपू पस्तपार के लिए बस निकलने ही वाली है. अब इसमें जगह नहीं. टेंपू चालक नूतन की कातर दृष्टि से अवगत हो कर एक नजर टेंपू में भरी सवारी पर नूतन और उसके बच्चे प्रेम कुमार के बैठने की गुंजाइश तलाशता है लेकिन अब इसमें जगह नहीं.
चालक ने एक जीप की ओर इशारा कर दिया कि वह भी पस्तपार जायेगी. नूतन देवी जीप की ओर मुड़ चली है. इसमें उसे जगह मिल गयी है. नूतन के चेहरे पर चमक आ गयी है. वह छठ करने नैहरा जा रहा है. सिंहेश्वर में व्यापार कर रहा मनोज का घर सदर प्रखंड स्थित चकला चौक है. वह परिवार के साथ भी जिला मुख्यालय के कर्पूरी चौक पर ऑटो से उतर कर तेजी से बस की ओर भागा जा रह है. बोरी में नारियल और अन्य पूजा सामग्री है. वह खरना पूजा से पहले घर पहुंचना चाहता है.
सुबह से ही हर बस, टैक्सी, ऑटो सहित अन्य वाहन सवारियों को उनके गंतव्य तक ले जा रहे हैं. दिल्ली सहित पंजाब और हरियाणा सहित अन्य राज्यों से घर लौटने वालों की भी कमी नहीं. एक घाट पर सब जुटेंगे. आस्था की इतनी प्रबलता और कहां. घर, घाट और घरवालों की पुकार इस साल तो नजरअंदाज नहीं कर पायेंगे!
