भागलपुर : कोसी के जलस्तर में कमी के कारण बाढ़ प्रभावित इलाके से पानी उतरने लगा है. पानी घटने के साथ ही बाढ़ से हुई तबाही भी दिखने लगी है. गांवों की सड़कें टूट गयी हैं तो कच्चे घर गिर गये हैं. इधर, जलस्तर घटने के साथ अब कटाव ने लोगों के दिलों की धड़कन बढ़ा दी है. कई गांवों का अस्तित्व खतरे में है तो जमीन भी नदी में समा रही है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत वितरण कार्य प्रशासन ने शुरू तो किया है, लेकिन वह नाकाफी है. इधर शुक्रवार को पूर्णिया, कटिहार, सहरसा व अररिया में डूबने से आठ लोगों की मौत हो गयी.
उतर रहा बाढ़ का पानी, दिखने लगी तबाही
भागलपुर : कोसी के जलस्तर में कमी के कारण बाढ़ प्रभावित इलाके से पानी उतरने लगा है. पानी घटने के साथ ही बाढ़ से हुई तबाही भी दिखने लगी है. गांवों की सड़कें टूट गयी हैं तो कच्चे घर गिर गये हैं. इधर, जलस्तर घटने के साथ अब कटाव ने लोगों के दिलों की धड़कन […]

उतर रहा पानी…
सुपौल : दो लाख की आबादी प्रभावित
विगत करीब एक पखवाड़े से जिले में कोसी का कहर निरंतर जारी है. बाढ़ की विभीषिका से तटबंध के भीतर बसे सौ से अधिक गांव बुरी तरह प्रभावित हैं. करीब दो लाख की आबादी बाढ़ की त्रासदी झेल रही है.
मधेपुरा : मुरलीगंज में बलुआहा से कटाव जारी
मुरलीगंज के रामपुर वार्ड नंबर छह में जल स्तर की वृद्धि के कारण बलुआहा नदी भी तबाही मचाने को तैयार है. जिसके कारण कटाव शुरू हो गया था. नदी का कटाव बढ़ता ही जा रहा था यह कटाव इतना बढ़ गया कि आस पास के कई घरों को अपने आगोश में समा लिया.
अररिया : पानी घटा, सर्वे जारी
अररिया प्रखंड के मदनपुर, सिकटी प्रखंड, पलासी के धर्म गंज, पेचैली, पिपरा बिजवार व डेहटी दक्षिण आदि क्षेत्र में पानी घट गया है. बाढ़ का पानी घटने के बाद प्रशासन ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है.
पूर्णिया : प्रधान सचिव ने बाढ़ प्रभावित इलाके का लिया जायजा
बायसी अनुमंडल के अमौर, बायसी और बैसा प्रखंड में नदियों के जलस्तर में कमी आयी है. लिहाजा गांव में भी पानी घट रहा है. महानंदा, परमान, कनकई में भी जलस्तर घटा है. शुक्रवार को प्रभारी सचिव प्रत्यय अमृत ने बाढ़ग्रस्त इलाके का दौरा किया.
कटिहार : बांध काटने की अफवाह से लोग परेशान
कदवा में कचाेरा बांध काटे जाने के बाद कदवा, आजमनगर, डंडखोरा, प्राणपुर प्रखंड पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है. बाढ़ पीड़ित त्राहिमाम कर रहे हैं. महानंदा नदी के जलस्तर में कमी आयी है. कृषि विभाग के प्रधान सचिव सुधीर कुमार भी कदवा पहुंचे और काटे गये स्थल का निरीक्षण किया. महानंदा पश्चिमी तटबंध को काट दिये जाने से अफवाहों का दौर और तेज हो गया है. पूर्वी तटबंध के कई गांव के हजारों लोग तटबंध की रक्षा के लिए रतजगा कर रहे हैं.
किशनगंज : मीरभिट्ठा पुल को दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन
बाढ़ से प्रभावित गांव से पानी निकलते ही बरबादी का मंजर साफ नजर आ रहा है़ जगह-जगह से सड़कें टूट चुकी है़ं पुल नदी के बीचोबीच धंस गया है़ फिलहाल मीरभिट्ठा पुल पर आवागमन शुरू करने के लिए प्रशासन मरम्मत अभियान में लगा है.
जलस्तर घटने के बाद कटाव ने बढ़ायी लोगों की धड़कनें
सहरसा, पूर्णिया कटिहार व अररिया में डूबने से आठ मरे