शंकरपुर/मुरलीगंज : प्रखंड क्षेत्र के कारी अनंत उच्च माध्यमिक विद्यालय मधैली बाजार के खेल मैदान में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद शरद यादव ने मंगलवार को चुनावी सभा को संबोधित किया. मौके पर उन्होंने जदयू के सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रो रमेश ऋषिदेव को विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित कराने की अपील की.
जनसभा में शरद यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में बेरोजगारों की संख्या बढ़ गयी है. इसके लिए जिम्मेवार नरेंद्र मोदी हैं. क्योंकि पूर्व में युवाओं को आश्वासन दिया गया था कि भाजपा की सरकार शिक्षित युवाओं को सर्वप्रथम रोजगार देगी. लेकिन, इसके विपरित भाजपा सरकार ने केंद्र द्वारा निकाले जाने वाले वैकेंसियों को रद करती चली गयी. इससे बेरोजगारी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
साथ ही नरेगा, इंदिरा आवास जैसी कई योजनाओं की राशि आवंटित नहीं कर कार्य को बंद करने के लिए मजबूर कर दिया गया है. भाजपा सरकार सिर्फ झूठे आश्वासन देकर जनता को गुमराह कर रही है. प्रत्येक व्यक्ति को बैंक खाते में एक से डेढ़ लाख रुपये मुहैया करवाने की बात की गयी थी. लेकिन, आज तक किसी भी व्यक्ति के बैंक खाते में एक रुपये तक नहीं भेजा गया.
प्रधानमंत्री भारत के विकास करने की बजाय सिर्फ विदेश यात्रा ही करना अपना सौभाग्य समझते हैं. मौके पर सभा को जदयू के प्रखंड अध्यक्ष पप्पू कुमार, राजद के प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार, जवाहर खां, अशोक यादव, सहित कई कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया. उधर, मुरलीगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के सिघियान खेल मैदान में मंगलवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने बिहारीगंज के प्रत्याशी निरंजन मेहता के पक्ष में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधता. श्री यादव ने बिहारीगंज विधान सभा के गठबंधन प्रत्याशी निरंजन मेहता के लिए लोगों से वोट देने कि बात कही. उन्होंने कहा कि बिहार का विकास, जनता से किये वादे सिर्फ महागंठबंध ही कर सकते हैं.
मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष सियाराम यादव, युवा जदयू राष्ट्रीय महामंत्री राज कमल राव, एमएलसी विजय कुमार वर्मा, राजद प्रखंड अध्यक्ष रूद्र नारायण यादव, राजनीतिक चौधरी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार पप्पू, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार, विरेंद्र आजाद,कमलेश्वरी मेहता, दयानंद शर्मा, उमेश यादव, रमण यादव, भूपेंद्र मुखिया, प्रभात रंजन छोटु, महेंद्र यादव, मो़ रईस, सुरेंद्र यादव, विकास झा, सिंटू यादव, तेज नारायण यादव, बेचू सिंह, मो़ जहिरूदीन, बेद्यनाथ टुडु, दुर्गेश यादव, कुंदन यादव रंजन यादव आदि मौजूद थे.
