बिहारीगंज : बिहारीगंज प्रखंड के बभनगाम चौक के नजदीक मुखिया पति मुरली पूर्वे एवं मो सलीम, मो फिजुल, मो मजनू मियां के बीच जमीनी विवाद लगभग एक वर्ष से चला रहा है. सोमवार की रात्रि मो फिजुल के घर में आग लग गयी. हालांकि इस आगलगी में कोई नुकसान नहीं हुआ. ग्रामीणों ने आग बुझा दिया. लेकिन दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर विवाद हो गया है.
एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप किये जाने लगे. ज्ञात हो कि दो तीन माह पूर्व दोनों पक्षों के बीच मारपीट की भी घटना घटी थी. लेकिन मामला शांत हो गया था. इस बात की सूचना पुलिस को दी गयी. मंगलवार की सुबह अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रहमत अली, बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ कुमार कुंदन लाल,
थाना प्रभारी मुकेश कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों के मामले को शांत किया. वहीं प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. हालांकि दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन नहीं दिया गया है. इस संबंध में थाना प्रभारी मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि आवेदन मिलने के उपरांत आगे की कार्रवाई जायेगी. मामला पूरी तरह शांत है.
