क्या फिर करीब आ रहे तेजस्वी-तेज प्रताप? रक्षाबंधन पर साथ दिखे दोनों भाई

Lalu Family: रक्षाबंधन पर दिल्ली में लालू यादव का परिवार एक साथ नजर आया. तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव ने बहनों से राखी बंधवाई. इस दौरान दोनों भाइयों की साथ वाली तस्वीर ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा.

Lalu Family: दिल्ली में रक्षाबंधन के मौके पर लालू प्रसाद यादव का परिवार एक साथ नजर आया. सबसे ज्यादा चर्चा तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव की तस्वीरों की हो रही है. दोनों भाई बहनों के साथ बैठे और राखी बंधवाई. परिवार की इस तस्वीर को ऐसे समय में देखा जा रहा है, जब पिछले कुछ समय से लालू परिवार के रिश्तों को लेकर काफी चर्चा रही है.

छह बहनों ने भाइयों को बांधी राखी

रक्षाबंधन के मौके पर मीसा भारती, चंदा, रागिनी, हेमा, अनुष्का और राजलक्ष्मी यादव ने अपने भाइयों को राखी बांधी. लालू परिवार की बेटियों में रोहिणी आचार्या को छोड़कर बाकी छह बहनें दिल्ली में मौजूद रहीं.

तेज प्रताप ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए भाई-बहन के रिश्ते और बचपन की यादों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वक्त के साथ लोग बड़े हो जाते हैं, लेकिन भाई-बहन का प्यार और बचपन की यादें दिल में बनी रहती हैं.

रक्षाबंधन के लिए पहले ही दिल्ली पहुंच गया था परिवार

लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेजस्वी यादव गुरुवार को ही पटना से दिल्ली पहुंच गए थे. इसके बाद रक्षाबंधन का त्योहार परिवार ने दिल्ली में साथ मनाया.

मीसा भारती ने बताया कि उनकी ज्यादातर बहनों की शादी दिल्ली और उसके आसपास हुई है और वे वहीं रहती हैं. इसी वजह से भाई भी रक्षाबंधन के समय दिल्ली पहुंचते हैं और पूरा परिवार एक साथ त्योहार मनाता है.

रोहिणी आचार्या परिवार के साथ नहीं दिखीं

परिवार के लगभग सभी सदस्य दिल्ली में जुटे, लेकिन रोहिणी आचार्या नजर नहीं आईं. बताया गया कि वह इस समय सिंगापुर में हैं. हालांकि, रक्षाबंधन पर वह मायके क्यों नहीं आईं, इसकी वजह सामने नहीं आई है.

रोहिणी और उनके भाई तेजस्वी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद की खबरें आती रही हैं. पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के खराब प्रदर्शन के बाद रोहिणी ने तेजस्वी, संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाए थे.

तेजस्वी से रिश्ते तोड़ने की बात कही थी

रोहिणी ने पटना के राबड़ी आवास में अपने साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया था. इसके बाद उन्होंने तेजस्वी यादव से रिश्ता तोड़ने की बात कही थी. तब से वह मायके नहीं आई हैं.

जब लालू यादव मई-जून में हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर गए थे, तब वह कुछ समय के लिए अपनी बेटी रोहिणी के पास रुके थे.

तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच भी रहा है विवाद

लालू परिवार में सिर्फ रोहिणी और तेजस्वी के रिश्ते ही चर्चा में नहीं रहे हैं. तेज प्रताप और तेजस्वी के बीच भी पिछले समय में काफी मतभेद सामने आए.

पिछले साल लालू यादव ने तेज प्रताप को परिवार और आरजेडी से अलग कर दिया था. उस समय तेज प्रताप का नाम अनुष्का यादव नाम की एक लड़की से जोड़ा गया था. परिवार से अलग होने के बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल यानी JJD के नाम से अपनी पार्टी बनाई.

इसके बाद तेज प्रताप कई बार तेजस्वी के करीबियों पर भी निशाना साधते रहे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

अब दोनों भाइयों की साथ वाली तस्वीर पर चर्चा

हालांकि, हाल के महीनों में तेजस्वी और तेज प्रताप कई मौकों पर साथ दिखाई दिए हैं. इसी वजह से रक्षाबंधन पर दोनों की एक साथ मौजूदगी को भी खास नजर से देखा जा रहा है.

मई में गाजियाबाद में तेजस्वी यादव के बेटे इराज का जन्मदिन मनाया गया था. उस कार्यक्रम में तेज प्रताप भी पहुंचे थे और उन्होंने अपने भतीजे को आशीर्वाद दिया था.

अब रक्षाबंधन पर दोनों भाइयों के एक साथ नजर आने के बाद एक बार फिर यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या परिवार के रिश्तों में धीरे-धीरे दूरी कम हो रही है.

इसे भी पढ़ें: पटना में आज से दो फ्लाईओवर होंगे शुरू, मीठापुर से महुली सिर्फ 7-8 मिनट दूर, गया-जहानाबाद वालों को भी राहत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >