रास्ता कटा तो स्कूल पहुंचना हुआ मुश्किल, डीएम ने दिलायी बच्चों को गांव में ही पढ़ाई की सुविधा

लखीसराय के महाजनमा गांव में बरसात के कारण बच्चों को स्कूल जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांव में ही अस्थायी स्कूल खोल दिया है. डीएम के निर्देश पर दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर यह पहल की गई है. इस फैसले से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर है.

लखीसराय : जिले के चानन प्रखंड की भलुई पंचायत स्थित महाजनमा गांव में जिला प्रशासन की पहल पर शनिवार से अस्थायी स्कूल का संचालन शुरू हो गया. बरसात के मौसम में रास्ता कट जाने के कारण गांव के बच्चे मुख्य विद्यालय तक नहीं पहुंच पा रहे थे. समस्या की जानकारी मिलने के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार ने तत्काल दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर गांव में अस्थायी रूप से पढ़ाई शुरू कराने का निर्देश दिया था.

डीएम के निर्देश के बाद शुरू हुई पढ़ाई

बताया गया कि हाल ही में डीएम शैलेंद्र कुमार ने उग्रवाद प्रभावित जनजातीय क्षेत्र महाजनमा का भ्रमण किया था. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बारिश के कारण रास्ता कट जाने से बच्चों का विद्यालय पहुंचना मुश्किल हो गया है.

समस्या की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने मौके पर मौजूद जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर अस्थायी स्कूल शुरू कराने का निर्देश दिया. इसके बाद शनिवार से गांव में बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गयी.

अस्थायी स्कूल शुरू होने से स्थानीय जनजातीय परिवारों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की पहल के प्रति आभार जताया.

बच्चों को नियमित पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

अस्थायी स्कूल के शुभारंभ के अवसर पर डीडीसी ने बच्चों से नियमित रूप से पढ़ाई करने और शिक्षा के प्रति गंभीर रहने की अपील की. इसके बाद डीएम ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत गाया.

प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई बाधित होने से रोकना और सुदूर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.

पेयजल से लेकर सड़क और मोबाइल नेटवर्क तक पर काम

महाजनमा गांव के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन की ओर से कई अन्य कदम भी उठाये जा रहे हैं. पीएचईडी द्वारा गांव में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. वहीं हर्बल नर्सरी और हर्बल गार्डन भी विकसित किया गया है.

किसानों को कृषि यंत्रों का लाभ दिलाने के लिए निबंधन और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करायी गयी है. बीएसएनएल मोबाइल टावर लगाने के लिए सतघरवा में जमीन चिह्नित की गयी है. पक्की सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग को पत्र भी भेजा गया है.

गांव के प्राकृतिक सौंदर्य को देखते हुए इसे 'बिहार दर्शन' योजना से जोड़ने और पहाड़ी मार्ग विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है.

रोजाना स्कूल का निरीक्षण करने का निर्देश

डीईओ ने अस्थायी स्कूल शुरू होने की आधिकारिक जानकारी डीएम को दी. इसके बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालय का प्रतिदिन निरीक्षण करने और बच्चों को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से जोड़ने का निर्देश दिया.

डीएम ने अधिकारियों को बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने को भी कहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >