सूर्य ने दिखाये अपने कड़े तेवर, 42 डिग्री में झुलसे लोग

पिछले कई दिनों से आग उगलती गर्मी में सभी का बुरा हाल है. शनिवार को सुबह से ही सूरज की तपिश के चलते लोग बेहाल नजर आये.

रविवार को 6 डिग्री गिरावट आने का अनुमान

सूर्यगढ़ा. पिछले कई दिनों से आग उगलती गर्मी में सभी का बुरा हाल है. शनिवार को सुबह से ही सूरज की तपिश के चलते लोग बेहाल नजर आये. अधिकतम तापमान शुक्रवार की भांति ही 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार से अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. रविवार 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान यथावत रहने की संभावना है. अगले कुछ दिनों में पारा और गिरने की संभावना है. इधर, पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी व लू से लोग बेहाल हैं. जिले में तालाब सूख चले हैं. कई इलाकों में हैंडपंप जवाब देने लगे हैं. मौसम गर्म होने से गर्मी सुबह व शाम में लोग टालमटोल कर लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं और जिले की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसरा जा रहा है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जहां दो से तीन बार स्नान कर रहे हैं. वहीं बच्चे अधिकांश समय हैंडपंपों, तालाब व नदी में नहा कर समय बीता रहे हैं. लू लगने से बीमार होने वालों की संख्या में इजाफा होता चला जा रहा है. मौसम के तेवर का सीधा असर अब आम जन जीवन पर स्पष्ट दिखने लगा है. फुटपाथ व्यवसायी, रिक्शा-ठेला चालक जो पूरे दिन अपने काम-धंधे में जुटे रहते थे. वे भी छांव का ठौर खोजते फिर रहे है.

इन बातों का रखें ख्याल

धूप में बाहर निकलते समय अपना सिर जरूर ढक कर रखें. इसके लिए कपड़े, टोपी या छाता का उपयोग करें.

पर्याप्त और नियमित अंतराल में पानी पीते रहें. रास्ते में अपने साथ पीने का पानी हमेशा रखें.अधिक तापमान में ज्यादा शारीरिक श्रम करने से बचें.

हल्का भोजन करें और अधिक पानी की मात्रा वाले फल-सब्जी का अधिक सेवन करें.

गर्मियों में पाचन क्रिया धीमी पड़ जाती है. ऐसे में गरिष्ट भोजन जैसे मांस, अंडा, सूखे मेवे व तला-भुना भोजन खाने से बचें.

खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल या नमक-चीनी-पानी का घोल, नारियल का पानी, लस्सी, नींबू-पानी, छाछ, आम का पना, बेल का शरबत, सत्तू का शरबत, सौंफ का पानी इत्यादि घरेलू पेय पदार्थों का नियमित सेवन करें.

लू लग जाने पर क्या करें

लू लगे व्यक्ति को सबसे पहले छांव में लिटा दें. यदि टाइट कपड़े पहने हों, तो उन्हें ढीला करें या खोल दें.

ठंडे गीले कपड़े से शरीर को पोछें और चेहरे पर पानी के छींटे मारें.

शरीर का तापमान कम करने के लिए कूलर-पंखे का प्रयोग करें.

गर्दन, पेट व सिर पर बार-बार गीला व ठंडा कपड़ा रखें.लू लगे व्यक्ति को ओआरएस घोल, नींबू पानी, नमक-चीनी-पानी का घोल पीने को दें.

अगले आठ दिनों का संभावित तापमान

तिथि अधिकतम न्यूनतम

27/04 36 26

28/04 34 24

29/04 29 23

30/04 31 23

01/05 30 23

02/05 32 24

03/05 33 25

04/05 33 26

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MD. TAZIM

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >