वीआईपी कार से 163 बोतल विदेशी शराब जब्त, सवार व तस्कर गिरफ्तार

सूर्यगढ़ा पुलिस ने पटेल चौक के पास एक कार से 163 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर कार को भी जब्त कर लिया है।

सूर्यगढ़ा (लखीसराय). जिले की सूर्यगढ़ा पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेल चौक के समीप एक कार से से 163 बोतल विदेशी शराब के साथ एक कार सवार तस्कर को गिरफ्तार किया. कार्रवाई सोमवार पूर्वाह्न करीब 10.05 बजे थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में की गयी. गिरफ्तार आरोपित की पहचान मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टोडलपुर पंचायत के मुस्तफापुर गांव निवासी चंद्रभानु सिंह के पुत्र निरंजन कुमार उर्फ मिट्ठू सिंह के रूप में हुई है.


वीआईपी कार से ले जायी जा रही थी शराब

पुलिस ने शराब की खेप के परिवहन में प्रयुक्त एक वीआईपी कार को भी जब्त कर लिया है. तलाशी के दौरान रॉयल कंपनी की 375 एमएल की 68 बोतल तथा 180 एमएल की 95 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब पर "फॉर सेल इन झारखंड" अंकित है. प्रारंभिक जांच में शराब की खेप मुंगेर की ओर से सूर्यगढ़ा लाये जाने की बात सामने आयी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की काफी दिनों से तलाश की जा रही थी.


सूर्यगढ़ा थाना के सामने एक व्यावसायिक परिसर से तस्करी की मिल रही थी शिकायत


सूर्यगढ़ा थाना के सामने स्थित एक व्यावसायिक परिसर से अवैध शराब कारोबार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया था. गिरफ्तार तस्कर को उक्त व्यावसायिक परिसर का संचालक बताया जा रहा है.


छापेमारी में शामिल रहे कई पुलिस जवान

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार, एसआई अमित कुमार तथा सूर्यगढ़ा थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार शराब तस्कर ही वाहन चला रहा था. कार मुंगेर की ओर से सूर्यगढ़ा की ओर आ रही थी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >