प्रदूषित खानपान व स्वच्छता की कमी से फैल रहा संक्रमण, बचाव के लिए तरल पदार्थों का करें सेवन
लखीसराय. गर्मी के इस मौसम में अपने साथ-साथ अपने बच्चों का भी खास ख्याल रखना महत्वपूर्ण हो जाता है. इनमें डायरिया एक गंभीर बीमारी है. अभी मौसम में हो रहे बदलाव के कारण छोटी सी लापरवाही भी डायरिया की समस्या को गंभीर बना देती है. ऐसे में जरूरी है कि आवश्यक सावधानी बरती जाये ताकि अनावश्यक रूप से परेशान होने से बचा जा सके. डायरिया के मामले अधिकांशतः गर्मियों में बढ़ जाते हैं. यह किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को हो सकता है. थोड़ी सी भी लापरवाही बरतने पर यह समस्या विशेष तौर पर शारीरिक रूप से कमजोर लोगों जैसे बुजुर्ग व बच्चों में अधिक गंभीर हो जाती है.
आशा व आंगनबाड़ी सेविकाओं से लें मदद
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार भारती ने बताया कि डायरिया की रोकथाम के लिए आशा व आंगनबाड़ी सेविकाओं की मदद ली जा सकती है. उनके पास ओआरएस व जिंक की गोली उपलब्ध होती है, जिसका सेवन डायरिया को रोकता है. उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों का फोन नंबर अवश्य रखें, ताकि आपात स्थिति में फोन पर भी सलाह ली जा सके.
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.