एलपीजी की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी जारी

एलपीजी की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी जारी

लखीसराय. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब लखीसराय के रसोई घर तक पहुंचने लगा है. युद्ध के कारण एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर चल रहा है. जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी रोकने व सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाये गये हैं. एलपीजी सिलिंडर की जमाखोरी व अवैध बिक्री रोकने के लिए सभी प्रखंडों में त्रिसदस्यीय ”धावा दल” का गठन किया गया है. इसमें बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व संबंधित थानाध्यक्ष शामिल हैं. ये लोग लगातार अपने क्षेत्र में एलपीजी को लेकर जांच अभियान चला रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी में संलिप्त पाये जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध न केवल प्राथमिकी दर्ज होगी, बल्कि उनकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जायेगी.

पीएनजी उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा सिलेंडर

बड़हिया व लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में आइओसीएल द्वारा पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जा रही है. प्रशासन ने समीक्षा में पाया कि जिले में 2700 लोग कनेक्शन के लिए तैयार हैं. संवेदकों को प्रतिदिन 20 से 25 नये कनेक्शन देने का निर्देश दिया गया है. महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए प्रशासन ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी कनेक्शन है, उन्हें अब एलपीजी सिलिंडर जारी नहीं किया जायेगा.

प्रवासी मजदूरों को मिलेगा पांच किलो वाला फ्री-ट्रेड सिलेंडर

विभिन्न राज्यों से लौट रहे प्रवासी मजदूरों की सुविधा के लिए सरकार ने विशेष व्यवस्था की है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार, प्रवासी मजदूरों को पांच किलोग्राम वाला फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जायेगा. जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि अब घरेलू उपभोक्ता एक सिलिंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग कर सकेंगे. बुकिंग दर्ज होने के दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जायेगी. किसी भी शिकायत के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया है. उपभोक्ता 06346-232952 पर संपर्क कर सकते हैं. वहीं पीएनजी के नये कनेक्शन के लिए नोडल पदाधिकारी कुशाग्र पांडेय (8565835550) या प्रतीक, सिटी गैस सर्विस (7235846052) से संपर्क किया जा सकता है.

बोले अधिकारी

जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलिंडर का पर्याप्त भंडार है. वर्तमान में 16 गैस एजेंसियों के पास 3648 सिलेंडर उपलब्ध हैं. आम जनता घबरायें नहीं व अनावश्यक भीड़ न लगायें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev murarai sinha sinha

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >