रामपुर डुमरा, बड़हिया, अशोक धाम में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग के लिए इंटरलॉकिंग का कार्य
कई ट्रेनों का किया मार्ग परिवर्तन, पुनर्निधारण व नियंत्रण
लखीसराय. दानापुर डिवीजन के रामपुर डुमरा, बड़हिया, अशोक धाम आदि स्टेशनों पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण एक जोड़ी ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया. इस दौरान रामपुर डुमरा से अशोक धाम तक लगभग चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया. एक एक्सप्रेस व एक पैसेंजर ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन कर परिचालन कराया गया. वहीं किऊल-मोकामा एवं मोकामा-किऊल का परिचालन रद्द कर दिया गया. जबकि पटना-धनबाद इंटर सिटी एवं पटना-देवघर मेमू को बख्तियारपुर बिहारशरीफ, शेखपुरा से किऊल होकर परिचालन कराया गया है. जयनगर-पूरी एक्सप्रेस को जयनगर से तीन घंटे, कामख्या-दिल्ली एक्सप्रेस अपने अपने रेलवे स्टेशन से दो से तीन घंटे तक बिलंब से से ट्रेन खुली. पटना-देवघर मेमू 35 मिनट, पटना-किऊल मेमू 37 मिनट, बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 95 मिनट, पटना-जसीडीह एक्सप्रेस 120 मिनट, वीरांगना-लक्ष्मीबाई कोलकाता एक्सप्रेस 125 मिनट विलंब से चली है. ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्री अपने गंतव्य तक विलंब से पहुंचे. खासकर प्रतिदिन टाइम से कार्यालय पहुंचने वाले को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्टेशन से सड़क नजदीक वाले जगहों पर कुछ लोग ऑटो से अपने गंतव्य तक पहुंचे.
