लखीसराय. जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय द्वारा शनिवार को डालसा सचिव के आदेश पर नगर परिषद लखीसराय के वार्ड नंबर 25 स्थित चैती दुर्गा मंदिर के बगल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर आश्रय गृहों में रहने वाली विधवाओं के लिए आयोजित किया गया था. शिविर का मुख्य उद्देश्य आश्रय गृहों में निवास करने वाली उन विधवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना था जो सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित हैं.
सम्पत्ति एवं उत्तराधिकारी अधिकारों की जानकारी दी गयी
इन्हें विधिक सेवाओं, कल्याणकारी योजनाओं, पहचान संबंधी दस्तावेजों, सम्पत्ति एवं उत्तराधिकारी अधिकारों की जानकारी दी गयी. आयोजकों ने बताया कि ऐसी महिलाएं अक्सर जानकारी के अभाव में अपने कानूनी अधिकारों से वंचित रह जाती हैं. शिविर से उन्हें उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया.इस जागरूकता शिविर में लगभग 50 लोगों ने भाग लिया और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं. कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार और पीएलवी रीमा कुमारी द्वारा किया गया.
