Lakhisarai Weather Update: लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट — लखीसराय में बुधवार की सुबह उमस भरी गर्मी के साथ हुई. आसमान में छिटपुट बादल छाए रहे, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर गर्मी और उमस बनी रहेगी, हालांकि तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने से लोगों को तेज धूप और लू से कुछ राहत मिल सकती है. वहीं देर शाम आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
बादलों के बीच भी नहीं मिली राहत
बुधवार सुबह आसमान में बादल मंडराते रहे, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ. हवा की रफ्तार बेहद कम रहने के कारण उमस बढ़ गई और लोगों को पसीने व चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने बताया कि दिनभर आसमान में बादल आते-जाते रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है.
पहले 20 मई को बारिश के संकेत दिए गए थे, लेकिन अब मौसम विभाग का कहना है कि जिले में व्यापक बारिश होने की संभावना नहीं है.
तापमान में गिरावट, फिर भी गर्मी बरकरार
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि अन्य दिनों की तुलना में तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को तेज धूप और लू से आंशिक राहत महसूस हो सकती है.
कड़ी धूप कम रहने के कारण लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकलते दिखे, लेकिन उमस के कारण परेशानी बनी रही.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
मौसम में बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. चिकित्सक डॉ कुमार अमित ने कहा कि इन दिनों अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.
उन्होंने मसालेदार और तामसिक भोजन से बचने की सलाह देते हुए कहा कि गर्मी में लापरवाही बरतने पर डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
शाम में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार देर शाम जिले के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है और लोगों को उमस से राहत मिल सकती है.
Also Read: सीएम सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, 211 प्रखंडों में जुलाई से डिग्री कॉलेज शुरू करने का भी ऐलान
