PM Awas: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन के सभा कक्ष में मंगलवार को ग्रामीण आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मंजुल मनोहर मधुप ने की. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने पर जोर
बैठक के दौरान बीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य ग्रामीण आवास योजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने ग्रामीण आवास सहायकों और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि जिन लाभार्थियों के आवास अधूरे हैं, उनका निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए.
लाभार्थियों से नियमित संपर्क रखने का निर्देश
PM Awas: बीडीओ ने कहा कि सभी संबंधित कर्मी लाभार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें और निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
नियमित निगरानी और समय पर प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश
बैठक में सभी पंचायतों में आवास निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने, प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के कार्यान्वयन में शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.
मनरेगा और तकनीकी कर्मी भी रहे मौजूद
बैठक में ग्रामीण आवास सहायक, ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), पंचायत रोजगार सेवक, कनीय अभियंता, मनरेगा कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा कौशलेंद्र कुमार मौजूद रहे. सभी को लक्ष्य के अनुरूप आवास निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
