फोटो - आरलाल कॉलेज में पौधारोपण के दौरान कृषि मंत्री व अन्य | Prabhat Khabar Network

लखीसराय: कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत किया पौधरोपण व स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन, नशामुक्ति की दिलाई शपथ

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में सेवा संकल्प अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया. उन्होंने नशामुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की.

लखीसराय. बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा रविवार को दिनभर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए. दिन की शुरुआत उन्होंने बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों से नशामुक्त समाज, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की.

बहादुरपुर में नशामुक्ति अभियान का आयोजन

डुमरी पंचायत के बहादुरपुर गांव में आयोजित नशामुक्ति अभियान को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. नशामुक्त और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा. इस दौरान मंत्री बहादुरपुर गांव में आयोजित रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भी शामिल हुए.

मुशहरी में स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन

इसके बाद मंत्री ने पचना रोड स्थित मुशहरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया. शिविर में पहुंचे लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों की जरूरतों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. शिविर का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है.

आरलाल कॉलेज परिसर में किया पौधरोपण

दिन के तीसरे कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने आरलाल कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि हरित पर्यावरण स्वस्थ जीवन की नींव है. पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधरोपण करना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को संरक्षित करना भी जरूरी है.

सुबह मंदिर में की पूजा-अर्चना

सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों से पहले विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति और लोगों के कल्याण की कामना की.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रमों के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, चंदन कुमार, उषा मल्लिक, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला प्रभारी संजय कुमार, जिला मंत्री अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता बाल्मीकि साह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, गोपी कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव मुरारी सिन्हा

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >