लखीसराय. घर-घर रूफटॉप सोलर पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत अतिरिक्त राज्य अनुदान की पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना के लाभार्थियों के खाते में अतिरिक्त राज्य अनुदान का हस्तांतरण किया और सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया. जिला स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया, जहां डीएम समेत अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
एक किलोवाट पर मिलेगा कुल 40 हजार रुपये अनुदान
योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपये और बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपये अतिरिक्त अनुदान दिया जाएगा. इस तरह लाभार्थी को कुल 40 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.वहीं दो किलोवाट क्षमता पर केंद्र और राज्य सरकार को मिलाकर कुल 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट और उससे अधिक क्षमता के सोलर संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक अनुदान का प्रावधान किया गया है.
31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा अतिरिक्त राज्य अनुदान
बिहार सरकार की ओर से दिया जाने वाला अतिरिक्त अनुदान 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा. इससे घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिल सकेगी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
17 सितंबर से शुरू हुआ सोलर सेवा सेतु कैंप
ऊर्जा विभाग की ओर से पूरे बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर 2026 तक सोलर सेवा सेतु कैंप चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर लोगों को पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी दी जा रही है. इच्छुक परिवारों को ऑनलाइन पंजीकरण कराने से लेकर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने तक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
5.75 फीसदी ब्याज पर ऋण की सुविधा
रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए लाभार्थियों को 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर आसान किस्तों में ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. इससे ऐसे परिवारों को राहत मिल सकती है, जो अनुदान के बावजूद सोलर प्लांट लगाने के लिए पूरी राशि एक साथ खर्च करने में सक्षम नहीं हैं.
प्रखंड स्तर पर प्रचार-प्रसार का निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड अधिकारियों को पीएम सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है. अधिकारियों से कहा गया है कि इच्छुक परिवारों को आवेदन, पंजीकरण, ऋण प्रक्रिया और सोलर संयंत्र स्थापना तक हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए.
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर
योजना के माध्यम से घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने और स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को योजना से जोड़ना है, ताकि घरेलू बिजली जरूरतों में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ सके.
